इलाके के बंशीनगर फरसहिया की महिलाओं ने तहसील पहुंचकर जमकर हंगामा किया। महिलाओं का आरोप था कि गांव का ही एक युवक सार्वजनिक रास्ते पर उन्हें निकलने से जबरन रोकता है। तहसील में नामांकन प्रक्रिया के समय हुए हंगामे के बाद वहां पहुंचे सीओ व एसओ ने महिलाओं को समझाया तथा कार्रवाई करने की बात कही, तब जाकर महिलाएं शांत हुईं। इस दौरान अफरातफरी का माहौल बना रहा।
इलाके के बंशीनगर फरसहिया निवासी दर्जनों महिलाएं बुधवार को तहसील में आ पहुंचीं। महिलाओं ने गांव के एक युवक पर सार्वजनिक रास्ते पर उन्हें जबरन न निकलने देने की समस्या रखी। महिलाओं ने सीओ प्रदीप कुमार यादव से दबंग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिलाओं ने सीओ को बताया कि गांव निवासी दबंग ग्रामीण ने कुछ दिनों पहले रास्ते पर अपनी दबंगई के बल पर उन लोगों का आवागमन बंद कर दिया था जिसकी शिकायत उन्होंने तहसील पहुंचकर एसडीएम से की थी। शिकायत के बाद एसडीएम ने कानूनगो व लेखपाल को पुलिस के साथ मौके पर भेजा था, जहां टीम ने जांच के बाद रास्ते को खुलवा दिया था। महिलाओं ने बताया कि दबंग युवक चौकी इंचार्ज पर दबाव बनाने के लिए अपनी पत्नी से गलत आरोप लगाकर शिकायत कर रहा है, जो कि सरासर गलत है। महिलाओं ने सीओ से दबंग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ प्रदीप कुमार यादव और एसओ विपिन कुमार सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर महिलाएं शांत हुई। हंगामा के दौरान तहसील में अफरातफरी मची रही।