लखीमपुर खीरी/ बिजुआ।
पलिया से गांव लौट रहे शंकरपुर गांव के बाइक सवार दो युवक बाइक फिसलने से घायल हो गए। दोनों युवक बगैर हेलमेट थे। हादसे में दोनों के सिर पर गहरी चोटें आई थीं। घायलों में एक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे को सिर पर चोट के कारण लखनऊ के ट्रामा सेंटर भेजा गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
भीरा थाना और पुलिस चौकी बिजुआ क्षेत्र के शंकरपुर निवासी अनिल कुमार (27 साल) पुत्र राम बिलास अपने गांव के ही साथी रमजान के साथ किसी काम से पलिया गया था। पलिया से लौटते समय नहर मार्ग पर गड़रियनपुरवा के पास इनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसलकर दूर जा गिरी। हादसे में अनिल और रमजान दोनों घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक घायलों को ग्रामीणों ने 108 एंबुलेंस से सीएचसी बिजुआ भिजवाया। बिजुआ अस्पताल में उनकी गंभीर हालत देखकर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां पर अनिल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि रमजान के कान से लगातार खून निकलने एवं कंधे की हड्डी टूटी होने के कारण उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
घर पर बच्चे कर रहे
थे पापा का इंतजार
बिजुआ। अनिल की शादी को सात साल हो चुके हैं, अनिल की पत्नी सुमन देवी और बड़ी लड़की बेबी (5 साल), प्रिया (3 साल) एवं एक लड़का राज (2 साल) का है। दोपहर में अनिल अपने खेत में गन्ना काट रहा था, तभी किसी काम से दोनों लोग प्लान बनाकर पलिया चले गए। शाम होने वाली थी, घर पर छोटा बेटा राज अनिल को बार-बार याद कर रहा था, तभी घर पर उसके घायल होने की खबर पहुंची तो कोहराम मच गया। देर शाम तक अनिल का शव गांव पहुंचा।