लखीमपुर खीरी।
जिले की नोडल अफसर/ प्रमुख सचिव लघु सिंचाई मोनिका गर्ग दो दिवसीय भ्रमण पर मंगलवार को आएंगी, जो सबसे पहले खीरी थाने का निरीक्षण करेंगी। फिर जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जानेंगी। इसके बाद शासन की प्राथमिकताओं वाले विकास कार्यक्रमों के अलावा धान खरीद की समीक्षा करेंगी।
बता दें कि पूर्व में सोमवार और मंगलवार को भ्रमण प्रस्तावित था, लेकिन एक दिन दौरे की टाइमिंग चेंज कर दी गई। डीडीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के मुताबिक मंगलवार को प्रमुख सचिव लखनऊ से सीधे पूर्वान्ह करीब 11.30 बजे थाना खीरी पहुंचकर निरीक्षण करेंगी, जहां से फिर वह कचहरी गेस्ट हाउस पहुंचेंगी। अपरान्ह तीन बजे जिला अस्पताल का निरीक्षण किया जाएगा, जिसके बाद कलक्ट्रेट सभागार में शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक होगी। इसके बाद धान खरीद की समीक्षा की जाएगी। प्रमुख सचिव दूसरे दिन बुधवार को 50 लाख से अधिक लागत की दो परियोजनाओं का स्थलीय सत्यापन करने के बाद ग्राम सभा कारीपोखर का भ्रमण करेंगी।