जिले में बुधवार तक 2145 प्रशिक्षु शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके थे, जबकि अभी लगभग 3900 पद रिक्त हैं। इसके लिए अब एक सप्ताह बाद डायट से दूसरी सूची जारी की जाएगी।
प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती के लिए जिले में 22 जनवरी से एक सप्ताह तक नियुक्ति पत्रों का वितरण किया गया। शासन के निर्देशानुसार इन शिक्षकों को नियुक्ति पत्र मिलने के एक सप्ताह के अंदर अपनी योगदान आख्या विद्यालय में देनी थी। 22 जनवरी को राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर नियुक्ति पत्र वितरण के साथ यह व्यवस्था भी की गई थी कि सभी शिक्षकों को तुरंत नियुक्ति दे दी जाए। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरण स्थल पर बुलाया गया था। प्रथम दिन नियुक्ति पत्र पाने वाले लगभग 1800 शिक्षकों ने वितरण स्थल पर ही मौजूद खंड शिक्षा अधिकारियों को योगदान आख्या दे दी। इसके बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से नियुक्ति पत्रों का वितरण किया गया। बुधवार को नियुक्ति पत्र वितरण और कार्यभार ग्रहण करने की अंतिम तिथि थी। हालांकि अभी लगभग 3900 पद रिक्त रह गए हैं।
29 को भेजी जाएगी अनुपस्थित अभ्यर्थियों की सूची
जिले में लगभग 2145 प्रशिक्षु शिक्षकों ने नियुक्ति पत्र प्राप्त कर लिया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ.ओपी राय ने बताया कि कार्यभार ग्रहण करने की अंतिम तिथि 28 जनवरी थी। 29 जनवरी को सभी खंड शिक्षा अधिकारी अपने विकास खंड में कार्यभार ग्रहण करने वालों की सूची कार्यालय को देंगे। इसके बाद अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों की सूची डायट को भेजी जाएगी।
एक सप्ताह बाद जारी होगी दूसरी सूची
इस संबंध में डायट प्राचार्य उमेश शुक्ला ने बताया कि यदि उन्हें बीएसए कार्यालय से 29 जनवरी को अनुपस्थित रहने वाले प्रशिक्षु शिक्षकों की सूची मिल जाएगी तो दूसरी सूची जारी करने में लगभग एक सप्ताह का समय लगेगा।