लखीमपुर खीरी। जनपद की 64 ग्राम पंचायतों में 80 आंगनबाड़ी केंद्र के भवनों का निर्माण कराया जाना है, जिसकी जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों को सौंपी गई है। कई महीने बीतने के बावजूद प्रधानों ने काम नहीं शुरू कराया है, जिसको लेकर बुधवार को अधिकारियों ने प्रधानों संग बैठक करके समस्याओं पर चर्चा की। डीडीओ अनिल कुमार सिंह ने कहा कि इसी वित्त वर्ष में मार्च 2019 तक निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाना है।
विकास भवन सभागार में आंगनबाड़ी भवन निर्माण से संबंधित प्रधानों और सचिवों की बैठक बुलाई गई, जिसमें जिला कार्यक्रम अधिकारी एसपी यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2017-18 के 57 आंगनबाड़ी भवन 45 ग्राम पंचायतों में बनाए जाने हैं, जबकि वर्ष 2018-19 में 23 आंगनबाड़ी भवन 19 ग्राम पंचायतों में बनने हैं। प्रति आंगनबाड़ी 8.06 लाख रुपये एस्टीमेट स्वीकृत है, जिसमें दो लाख आईसीडीएस विभाग, पांच लाख मनरेगा और 1.06 लाख रुपये ग्राम निधि से खर्च किया जाएगा। इस पर बजरखा के प्रधान विक्रांत गिरि और मकसोहा आदि के प्रधानों ने मनरेगा से स्टीमेट पास होने में अड़चनों का हवाला दिया। इस पर डीपीआरओ चंद्रिका प्रसाद ने समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया। साथ ही तुरंत निर्माण कार्य प्रारंभ कराने पर जोर दिया। बैठक में संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधान और सचिव मौजूद रहे।