वाईडी कॉलेज के छात्रों ने जीते तीन गोल्ड मेडल
कानपुर में हुईं अंतरमहाविद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर में आयोजित अंतरमहाविद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं 11 से 13 अक्तूबर के बीच हुईं। इन प्रतियोगिताओं में युवराजदत्त महाविद्यालय के तीन छात्रों ने स्वर्ण पदक प्राप्त कर मान बढ़ाया है।
छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर से संबद्ध करीब 800 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। इनमें युवराजदत्त महाविद्यालय के तीन छात्रों ने स्वर्ण पदक जीते। बीए तृतीय वर्ष के छात्र आलोक कुमार को 21 किलोमीटर मिनी मैराथन में, बीए द्वितीय वर्ष के हीरालाल ने हैमर थ्रो में, बीए प्रथम वर्ष के अमरीश कुमार को 10,000 मीटर रेस में स्वर्ण पदक प्राप्त हुए हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीएन मालपानी ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए विजेता छात्रों को जिले का नाम रोशन करने के लिए सम्मानित किया। शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष और कोच मनोज कुमार को अच्छे निर्देशन और विशेष योगदान के लिए बधाई दी।