रीढ़ दोष निवारण योग शिविर शुरू
भारतीय योग संस्थान की ओर से पांच दिन चलेगा शिविर
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। भारतीय योग संस्थान के तत्वावधान में पांच दिवसीय रीढ़ दोष निवारण शिविर का शुभारंभ नेशनल पब्लिक स्कूल में हुआ। जिला मंत्री शिवराम वर्मा ने ओम ध्वनि के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महिला क्षेत्र की प्रधान अर्चना श्रीवास्तव ने साधिकाओं को सूक्ष्म क्रियाओं का अभ्यास कराया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला प्रधान केपी त्रिपाठी ने बताया कि भारतीय योग संस्थान के रोग निवारण शिविरों की शृंखला में रीढ़ संबंधी समस्याओं के निवारण के लिए यह पांच दिवसीय शिविर लगाया गया है। उन्होंने बताया कि शरीर के जोड़ों में दर्द का मुख्य कारण रीढ़ दोष ही होता है। जिसे हम सही खान पान, सही दिनचर्या और नियमित योगाभ्यास से ठीक कर सकते हैं।
इस मौके पर साधिकाओं को ताड़ासन, कोणासन, बज्रासन, भुजंगासन, शलभासन, मकरासन, और श्वासन का अभ्यास संस्थान के कुशल शिक्षकों ने कराया। इसके बाद प्राणायाम के अंतर्गत गहरे-लंबे श्वांस और अनुलोम विलोम का अभ्यास कराया गया। शिविर में 52 महिला और पुरुष साधकों ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञ शिक्षकों के रूप में रमेश कुमार वर्मा, लल्लू राम, राम बहादुर, रामदीन राठौर, कमल किशोर बरनवाल और अनामिका वैश्य ने दक्षता पूर्वक साधना कराई।