लखीमपुर खीरी। शहर के मोहल्ला उदयपुुर महेवा में किराए पर रहे थाना सिंगाही के गांव ऐली निवासी ट्रक चालक श्रीकृष्ण ने मंगलवार की सुबह बाग में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
थाना सिंगाही के गांव ऐली निवासी श्रीकृष्ण पेशे से चालक था। वह करीब तीन साल से शहर के उदयपुर महेवा में किराए के मकान में परिवार समेत रहता था। संकटा देवी चौकी इंचार्ज अजय कुमार सिंह ने बताया कि श्रीकृष्ण ने अपने साले बनारसी के साथ मिलकर एक ट्रक फाइनेंस कराया था। किस्त अदायगी समय से न हो पाने के कारण वह मानसिक तनाव में रहता था। मंगलवार की सुबह श्रीकृष्ण ने अपनी पुत्री रोली से यह कहते हुए कि चाय बनाओ मैं अभी आ रहा हूं घर से निकल आया और घर से कुछ दूरी पर स्थित बाग में दुपट्टे से गले में फंदा लगाकर पेड़ से लटकर जान दे दी। कुछ देर बाद जब आसपास के लोग बाग की तरफ गए तो देखा उसका शव पेड़ से लटक रहा था। सूचना पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। शव देख चीखपुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव घर वालों को सौंप दिया है।