मोहम्मदी। मोहम्मदी-गोला रोड पर गोमती मोड़ के पास एक बोलेरो और रोडवेज की अनुबंधित बस में आमने सामने टक्कर हो गई। जिससे बोलेरो पर सवार चाचा भतीजे समेत पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण गोमती मोड़ के पास गोला रोड़ से आ रही बोलेरो और शाहजहांपुर रोड़ की ओर से गोला जा रही अनुबंधित बस में आमने सामने टक्कर हो गई। जिससे बोलेरो पर सवार छात्र रितिक (16), गाड़ी चालक उसके चाचा रचित गुप्ता (32) गंभीर रूप से जख्मी हो गए जबकि बस पर सवार शाहजहांपुर की पूनम (52), मोहम्मदी के लक्ष्मण (60), शेखपुर भीरा के अंकित (25) को भी चोटें आईं। सभी घायलों को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बताया जाता है कि बोलेरो अहमद नगर के प्रधान मुकेश गुप्ता की है। मुकेश का पुत्र रितिक मोहम्मदी के यूडी स्कूल में अध्ययनरत है। वह अपने चाचा रचित गुप्ता के साथ स्कूल के किसी कार्यक्रम में सम्मिलित होने आ रहा था। तभी ये हादसा हुआ। मौके पर रेहरिया चौकी इंचार्ज उग्रसेन आरक्षियों के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
ओवरलोडेड ट्रक की चपेट में आकर अधेड़ गंभीर घायल
धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के रामनगर लहबड़ी गांव में लगे गोविंद शुगर मिल के गन्ना तौल सेंटर से गन्ना लोड कर ट्राला चीनी मिल जा रहा था। रविवार शाम लालजी पुरवा गांव निवासी 55 वर्षीय बिहारी लाल खेतों से पशुओं का चारा लेकर आ रहे थे जिन्हें भकुरहिया मोड़ पर ट्रैक्टर से टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें सीएससी धौरहरा भेजा जहां से डॉक्टर ने उसे लखीमपुर रेफर कर दिया। लखीमपुर में इलाज के दौरान गंभीर हालत देख डॉक्टर ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली कब्जे में ले ली है।
दूसरी घटना सोमवार सुबह 11 बजे घटी एक बाइक सवार ने मंदिर जा रहे गांव कफारा के 65 वर्षीय अमरनाथ को टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गए। उन्हें ग्रामीणों की मदद से सीएचसी रमियाबेहड़ भेजा गया। बाद में उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।