मरौंचा गांव में एक ग्रामीण के घर अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते-ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीण का सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। इसके साथ ही 20 हजार रुपये, सोने, चांदी के जेवर आग में जलकर स्वाहा हो गए। सूचना पर लेखपाल व प्रधान पुत्र ने मौके पर जाकर पीड़ित को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
रविवार की रात मरौंचा निवासी मानिक चंद्र का पुत्र घरभरन निषाद परिवार समेत सो रहा था। रात करीब 11 बजे अज्ञात कारणों से उनके घर में आग लग गई। आग की तपिश लगी तो सभी परिजनों की आंख खुल गई। आग की लपटों से घिरा देख परिजनों में कोहराम मच गया। किसी तरह सभी घर से बाहर निकले और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी एकत्र हो गए और किसी तरह लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर लेखपाल कौशल किशोर ने सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।