लखीमपुर खीरी। कहते हैं कि प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती, बल्कि अपना स्थान खुद बना लेती है। यह साबित कर दिखाया है छात्रा अंजलि राज ने। वह नकहा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय अटकोनवा (अंग्रेजी माध्यम) में कक्षा पांच की छात्रा है। प्रधानमंत्री को संबोधित पोस्टकार्ड लेखन प्रतियोगिता में उसने पहले जनपद स्तर के टॉप फाइव में स्थान सुरक्षित किया। इसके बाद प्रदेश स्तर पर चयनित किए गए पांच सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है और उसका नाम राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार की सूची में भेजा गया है।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा राष्ट्रव्यापी स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत विद्यालयों में प्रधानमंत्री को संबोधित पोस्टकार्ड लेखन प्रतियोगिता कराई गई थी, जिसमें जनपद स्तर पर सर्वश्रेष्ठ पांच प्रतिभागियों का चयन कर उनके नाम प्रदेश स्तर पर भेजे गए थे। बीएसए बुद्ध प्रिय सिंह ने बताया कि प्रदेश स्तर पर चयनित पांच सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों में बाराबंकी की तनु गौतम पहले स्थान पर हैं, तो लखीमपुर की अंजलि राज ने दूसरा स्थान हासिल किया है। इसके अलावा तीसरे स्थान पर मऊ की छात्रा जूही, चौथे स्थान पर लखनऊ की छात्रा दृष्टि यादव और हरदोई की छात्र फैज अहमद पांचवें स्थान पर रहा।
राज्य स्तरीय चयन समिति ने टॉप फाइव में अंजलि राज का चयन करके राष्ट्रीय स्तर पर चयन के लिए नाम मानव संसाधन विकास मंत्रालय को भेजा है। प्रदेश स्तर पर चयन के लिए छात्रा को दिवाली के बाद स्कूल खुलने पर पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
बुद्ध प्रिय सिंह, बीएसए