खमरिया खीरी (लखीमपुर खीरी)। सीएमओ ने गुरुवार को सीएचसी खमरिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी कक्ष, स्टोर, डिलीवरी रूम, स्टाक व उपस्थित रजिस्टर चेक किया। इस मौके पर अनुपस्थित मिले एक कर्मचारी का वेतन काटने के निर्देश दिए।
दोपहर करीब एक बजे खमरिया सीएचसी पहुंचे सीएमओ डॉ. जावेद अहमद ने सबसे पहले उपस्थिति पंजिका देखी और टीबी सुपरवाइजर अभिषेक मिश्रा के अनुपस्थित मिलने पर उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। सीएमओ ने ओपीडी कक्ष, डिलीवरी रूम सहित वार्ड आदि का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था देखी। साफ सफाई ना मिलने पर नाराजगी जताते हुए सीएचसी अधीक्षक को सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए और स्टाक रूम की स्थित बेहतर मिलने पर फार्मेसिस्ट दिनेश गुप्ता की सराहना की। उन्होंने अधीक्षक को जननी सुरक्षा योजना का शत प्रतिशत भुगतान कराने के साथ ही आशाओं को परिवार नियोजन, नसबंदी आदि के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए निर्देशित किया।
----------
एसीएमओ ने पढ़ाया परिवार नियोजन का पाठ
निरीक्षण के समय सीएचसी में गैसापुर गांव निवासी राजकुमारी के पांचवीं संतान होने की सूचना मिलने पर जब एसीएमओ ने जानकारी तो मालूम हुआ कि सभी बच्चों में निर्धारित समय अंतराल भी नहीं है। इस पर एसीएमओ डॉ.बीवी राम ने उसके पति रामनरेश को समझाते हुए कहा कि इस महंगाई में पांच बच्चों के पालन पोषण से लेकर शिक्षा दिलाने में तमाम दिक्कतें आएंगी। अच्छी शिक्षा ना मिलने पर बच्चे भी जीवन भर गरीबी और लाचारी का जीवन जीने के लिए विवश होंगे। उन्होंने रामनरेश को परिवार नियोजन के उपाय अपनाने की प्रेरणा दी और नसबंदी को लेकर बरती जा रही उदासीनता पर आशा नीलम मौर्य को फटकार लगाई।
.......
वर्जन
ईसानगर, खमरिया व लाखुन के स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में ईसानगर और खमरिया के टीबी सुपरवाइजर गैर हाजिर मिले, जिनका वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। अधीक्षकों को मरीजों को बेहतर सुविधाएं सहित सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए हैं।
डॉ. जावेद अहमद सीएमओ
------------