लखीमपुर खीरी / मोहम्मदी । अंतर्राष्ट्रीय संस्था यूनीसेफ एवं आगा खां फाउंडेेशन लखनऊ की टीम बुधवार को मोहम्मदी ब्लॉक के मियांपुर कॉलोनी (रविंद्रनगर) पहुंची। टीम ने कॉलोनी का भ्रमण कर मॉडल घरों का निरीक्षण किया। सफाई व्यवस्था को देखकर टीम ने लोगों की सराहना करते हुए लोगों की जीवन पद्धति के बारे में जानकारी की।
यूनीसेफ टीम में शामिल सीएफओ रूथ ल्यूनो (फिलीपींस), नेपाल के चिरंजीवी तिवारी, वॉश ऑफीसर अनन्या घोषाल (पश्चिम बंगाल), डिवीजनल को-आर्डीनेटर राजीव यादव (बनारस), जिला सलाहकार शांतनु शाह (उड़ीसा) एवं आगा खां फाउंडेशन लखनऊ के टीम लीडर जयराम पाठक, रिसोर्स पर्सन राम अवस्थी, विनय पांडे बुधवार को सीडीओ रवि रंजन, सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल, बीडीओ एके सिंह, राजेश यादव बीईओ जगन्नाथ यादव आदि के साथ मियांपुर पहुंचे। टीम ने कॉलोनी का भ्रमण कर साफ सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। यूनीसेफ की प्रमुख रूथ ल्यूनो ने कहा कि भारत में स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिसका असर दिखाई दे रहा है। उन्होंने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्कूल पहुंचकर पठन-पाठन और शैक्षिक वातावरण की जानकारी ली। स्कूल परिसर में पुष्प वाटिका देखकर रूथ ल्यूनो ने प्रसन्नता जताई। बच्चों के साथ सेल्फी ली। टीम ने घोष्टपद विश्वास और श्यामपद वैद्य के मॉडल घर पहुंचकर उनके रहन सहन घर में स्थित की-होल गार्डन, कंपोस्ट हार्ड एवं लिक्विड किट, वाटर हार्वेस्टिंग किचेन, गार्डन, जल निकासी, लकड़ी का रख रखाव आदि को देखा। बता दें कि स्मार्ट गांव के रूप में मियांपुर चयनित है। प्रधान सुषमा ढाली ने बताया कि गांव स्मार्ट गांव में चयनित है और राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुका है। इस दौरान प्रधानाध्यापक तपन विश्वास, सुरंजन, विक्रम सिंह, शिल्पी साहनी, नवनीत बल्लभ आदि मौजूद रहे।