लखीमपुर खीरी। चार मार्च को सीआरएस ट्रायल की संभावना को लेकर कार्यदायी संस्था युद्ध स्तर पर काम पूरा कराने में लगी है। गुरुवार को रेलवे के इंजीनियरों ने मोटर ट्रॉली से ट्रैक का निरीक्षण करते हुए पटरियों की गुणवत्ता देखी।
सीतापुर लखीमपुर 46 किलोमीटर रेलवे ट्रैक का सीआरएस ट्रायल चार मार्च को संभावित है। हालांकि इस संबंध में कार्यदायी संस्था के अधिकारियों का कहना है कि अभी तक रेलवे ने सीआरएस ट्रायल की तिथि निर्धारित नहीं की है, लेकिन मौखिक रूप से चार मार्च को ट्रायल होने की बात कही जा रही है। इसलिए चार मार्च तक हर हालत में काम पूरा कराना है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक का काम लगभग पूरा है। प्लेटफार्म निर्माण कार्य अंतिम चरण पर है। सिग्नल आदि का काम पूरा चुका है। फुट ओवर ब्रिज, रेलवे ट्रैक की रंगाई पुताई हो रही है। अधिकारियों का कहना है कि ब्रॉड़गेज ट्रायल के लिए ट्रैक तैयार हो चुका है, जिसका रेलवे अधिकारियों ने निरीक्षण शुरू कर दिया है। रही बात प्लेटफार्म पर अन्य निर्माण की तो वह होता रहेगा, क्योंकि ट्रायल सफल होने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू होने में सात आठ दिन लगेंगे। तब तक सारा कार्य पूरा हो जाएगा।
इंजीनियर रेलवे टैक का निरीक्षण कर रहे हैं, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर ही सीआरएस ट्रायल की तिथि निर्धारित होगी।
- आलोक कुमार श्रीवास्तव, जनसंपर्क अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल