फोटो-10एलकेएच202 और 203
हजारों राशन कार्ड निरस्त, आपूर्ति दफ्तर पर उमड़ा उपभोक्ताओं का रेला
प्रधान और वार्ड सदस्य के चक्कर लगाने को मजबूर हैं लोग
अमर उजाला ब्यूरो
गोला गोकर्णनाथ। क्षेत्र में बड़े पैमाने पर राशनकार्ड निरस्त हो गए हैं। कार्ड निरस्त होने से परेशान उपभोक्ताओं की तहसील स्थित आपूर्ति दफ्तर पर भीड़ लग गई। पूर्ति निरीक्षक विनय पांडेय का कहना है कि जिन उपभोक्ताओं के आधार कार्ड नहीं लगे थे, उन्हें 30 जून तक का समय आधार कार्ड लगाने के लिए दिया गया था। जिन लोगों ने ध्यान नहीं दिया, उनके राशन कार्ड निरस्त हो गए, लेकिन अनेक उपभोक्ता कहते हैं कि उनकी सभी औपचारिकताएं पूरी थीं, फिर राशन कार्ड निरस्त क्यों हुआ? इसका जवाब वह नहीं दे पा रहे हैं। उपभोक्ता परेशान हैं और पूर्ति निरीक्षक कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। पूर्ति निरीक्षक कार्यालय में भी सुबह से ही दूर दराज से कई किमी सफर तय कर लोगों की भीड़ जुट रही है। वहां भी बाबू और पूर्ति निरीक्षक द्वारा फार्म भरकर सत्यापन कराकर ऑनलाइन करवाकर लाओ कहकर टरकाया जाता है। ऐसे में लोगों को काफी धनहानि के साथ परेशान होना पड़ रहा है।
-----------------
कई बार आधार लगाया, फिर भी निरस्त हो गए इनके कार्ड
मंगलवार को तहसील परिसर में कार्ड निरस्त होने से परेशान खड़े काशीराम आवास निवासी श्यामलली, बच्चूलाल, बिजुआ ब्लाक के अंबरपुर निवासी देवकी देवी, रविकुमार, परसेहरा की कंचन देवी, भुसौरिया की सुशीला, भवानीगंज की साबिरा बेगम, ग्रंट नं11 की गुड्डी देवी, आयसा बेगम, आसिया, नयागांव की रामदेई, चठिया मदनी की रामरानी, मढ़िया सड़क की विमला, रसूलपुर के कलीम अहमद, आसमा, इस्लाम नगर कॉलोनी की तबस्सुम, अफसर अली, इसरत, अमीशुनन्निशा आदि ने बताया कि उन लोगों ने राशनकार्ड बनवाने के लिए कई बार फार्म ऑनलाइन कराए, आधारकार्ड भी लगाया, तब भी उनका कार्ड नहीं बन पाया। वहीं लोगों का आरोप है कि आधार नंबर न होने की वजह से कार्ड निरस्त हुए हैं, जबकि उन लोगों ने आधार नंबर के साथ फार्म सत्यापन कराकर ऑनलाइन कराया था। पूर्ति विभाग की मनमानी के चलते कार्ड कटवाए गए हैं। आरोप है कि जिन लोगों की अधिकारियों से साठगांठ है उनके कार्ड आसानी से बन रहे हैं और काटे भी नहीं गए हैं।
---------
उन राशन कार्डों को निरस्त किया गया है, जिनमें आधार नंबर नहीं था, जिन्हें फर्जी मानकर अपडेटिंग के दौरान निरस्त किया गया है। पुन: पात्र व्यक्ति फार्म भरकर सत्यापन के बाद आनलाइन कराकर जमा करें। शीघ्र राशन कार्ड बनाया जाएगा।
-विनय पांडे, पूर्ति निरीक्षक गोला