दो साल बाद भी लाभार्थी परिवार को नसीब नहीं हुई छत
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत दो साल पहले चयनित लाभार्थी को अब तक छत नसीब नहीं हो सकी है। वर्ष 2015-16 में महिला लाभार्थी को पहली किस्त मिली थी, इसके बाद दूसरी किस्त अब तक नहीं मिली है। इससे लाभार्थी का अधूरा आवास पूरा नहीं हो पा रहा है।
मितौली ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत लल्हौआ के मजरा हरिहरपुर निवासी रामसिंह की पत्नी गुणा देवी को दो वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री आवास योजना से आवास सूची में शामिल किया गया है। उसके बैैंक खाते में पहली किस्त मिली, जिससे नींव भराकर लिंटर तक दीवारें बनवाई। जब छत बनाने की बारी आई, तो दूसरी किस्त नहीं मिली। पैसा न मिलने पर गुणा देवी ने प्रधान, सचिव से लेकर ब्लॉक के अधिकारियों के चक्कर काटे, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। उल्टे प्रधान और सचिव ने समस्या दूर करने के बजाय पैसा गुजरात चले जाने की बात कहकर चटखारे लिए। इससे आहत लाभार्थी ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर अधिकारियों से गुहार लगाई। फिर भी कोई समाधान न होने से आहत लाभार्थी ने बीडीओ मितौली से द्वितीय किस्त दिलाने की मांग करते हुए पुन: पत्र दिया है, जिसमें जल्द किस्त न मिलने पर ब्लॉक परिसर में परिवार सहित अनशन करने की बात कही है।