गोला के विधायक विनय तिवारी और कस्ता के विधायक सुनील लाला शुक्रवार को हरदासपुर पहुंचे। वे पिछले 17 दिन से चल रहे अनशन पर भी बैठे और शहीद दरोगा मनोज मिश्रा के परिवारीजनों से मिले और ढाढ़स बंधाया। मामले की सीबीआई जांच के मांग पर दोनों सपा विधायकों ने मुख्यमंत्री से मिलकर बात करने का परिवारीजनों को आश्वासन दिया।
फरीदपुर (बरेली) में शहीद हुए दरोगा मनोज मिश्रा के मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर मनोज के परिवारी जन सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर 14 अक्तूबर से अनशन कर रहे हैं। शुक्रवार को गोला के विधायक विनय तिवारी और कस्ता के विधायक सुनील कुमार भार्गव हरदासपुर पहंचे। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल भी इस टीम में शामिल थे। उन्होंने परिवारीजनों से मिल कर उनका हालचाल लिया तथा उनके कंधे से कंधे मिलाकर चलने की बात कही।
अनशन पर विभिन्न संगठनों के साथ जिलाध्यक्ष अनुराग पटेल, विधायक विनय तिवारी, विधायक सुनील लाला, विजय पाठक, मनोज मिश्रा, संघर्ष मोर्चा के संयोजक आचार्य संजय मिश्रा, विहिप जिला मंत्री ब्रजेश पाण्डे, दीपक अवस्थी, अजमत,शिवम रंजीत रावत, भूपेंद्र सिंह, नरेंद्र, आनंद पटेल, अरुण मिश्रा, मोहर्रम अली, सतेंद्र वर्मा, आमिर अली, रमाकांत, प्रभात मिश्रा, धीरेंद्र अवस्थी, शिवम मिश्रा आदि तमाम लोग मौजूद रहे।
आज आएंगे अमिताभ और नूतन ठाकुर
गोतस्करी के खिलाफ अभियान चलाने वाले शहीद दरोगा मनोज मिश्रा मामले की सीबीआई जांच, 50 लाख का मुआवजा और दो आश्रितों को नौकरी दिए जाने की मांग को समर्थन देने के लिए अमिताभ ठाकुर और नूतन ठाकुर 31 अक्तूबर को लखीमपुर आएंगे। आईपीएस अधिकारी अमिताभ और मनोज के अभिभावकों से मिलकर हाईकोर्ट में याचिका समेत अन्य संभव तरीकों पर चर्चा करेंगे। वह सुबह आठ बजे लखनऊ से चलकर करीब 11 बजे हरदासपुर पहुंचेंगे।