फरधान। रेलवे विभाग की लापरवाही के चलते फरधान रेलवे क्रासिंग पर जाम की स्थिति बन गई है। क्रॉसिंग के दोनों ओर रोड पर बड़े-बड़े मिट्टी के ढेर लगा दिए गए हैं, जिससे हाईवे पर निकलने के लिए बमुश्किल 12 फुट का रास्ता रह गया है। इतने संकरे रास्ते से वाहनों का गुजरना मुश्किल है, जिससे दिन भर क्रॉसिंग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। जाम के चलते छात्र समय से स्कूल और लोग आफिस नहीं पहुंच पाते हैं।
लखीमपुर-मैलानी रेल प्रखंड पर फरधान रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर हाईवे को ऊंचा किया जा रहा है। इसके लिए कार्यदायी संस्था ने क्रॉसिंग के दोनों ओर हाईवे पर 20 मीटर तक मिट्टी के बड़े-बड़े ढेर लगा दिए हैं। मिट्टी पड़ी होने से रोड पर एक समय केवल एक ही वाहन निकल सकता है। दूसरी ओर से वाहन आ गया तो जाम लगना तय है। यह कार्य एक सप्ताह से चल रहा है। ठेकेदार की लापरवाही तो देखिए उसने मिट्टी के ढेर तो लगा दिए, लेकिन उसे फैलाना मुनासिब नहीं समझा। ढेर लगे होने से बाइक सवार भी किनारे से नहीं निकल पाते। हालत यह है कि रोड के दोनों ओर करीब एक किलोमीटर तक लंबी वाहनों की कतारें लग जाती हैं और क्रॉसिंग पार करने में घंटो समय लग जाता है। धूल तो इतनी उड़ती है एक बार क्रॉसिंग पार करने के बाद आपको कपड़े बदलने पड़ेंगे। कस्बावासियों में लापरवाही के प्रति काफी रोष हैए कभी भी उनका गुस्सा फूट सकता है।