कैनरा बैंक के शाखा प्रबंधक पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज
ऋण का चार लाख रुपये हड़पने का है आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। कैनरा बैंक शाखा के प्रबंधक धोखाधड़ी के मामले में फंस गए हैं। सदर कोतवाली पुलिस ने स्वरूपनगर (सिकटिहा) निवासी महेश कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर कूटरचित दास्तावेज तैयार कर स्वीकृत ऋण का 405500 रुपये हड़पने की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली के मोहल्ला स्वरूपनगर (सिकटिहा) निवासी महेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने रोडवेज बस स्डैंट के सामने स्थित कैनरा बैंक शाखा से टेंट हाउस का व्यवसाय करने के लिए ऋण आवेदन किया था। हफ्ते भर पहले ऋण न मिलने पर वह जब बैंक गए और शाखा प्रबंधक से बात की। इस पर शाखा प्रबंधक से सिंह फर्नीचर हाउस मेला मैदान रोड का कोटेशन दिखाया और बताया कि स्वीकृत ऋण का पैसा खाता संख्या 87003070005108 में आरटीजीएस कर दिया गया है। जब उन्होंने पता किया तो यह खाता सिंडीकेट बैंक का निकला। उन्होंने शाखा प्रबंधक पर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर ऋण की रकम का गबन करने का आरोप लगाया है। इस पर पुलिस ने आरोपी शाखा प्रबंधक के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
वर्जन...........
पीड़ित की तहरीर पर शाखा प्रबंधक और अज्ञात खाता धारक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
- अशोक कुमार पांडेय, कोतवाल सदर