फोटो--- 02एलकेएच 451, 02एलकेएच 452, 02एलकेएच 453
बाघ के हमले में वाचर समेत दो लोग घायल
दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन में हुई घटनाएं
बाघ के खेत में छिपे होने की आशंका, ग्रामीणों ने घेरा
अमर उजाला ब्यूरो
निघासन (लखीमपुर खीरी) दक्षिण निघासन रेंज में महज पांच मिनट के अंतराल में एक बाघ ने वन विभाग के वाचर समेत दो लोगों पर हमला कर घायल कर दिया। घटना शनिवार दोपहर बाद करीब तीन बजे ओरीपुरवा और बल्देवपुरवा गांव के बीच गन्ने के खेतों में हुई। ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ भाग कर गन्ने के खेत में छिप गया। दोनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वन विभाग ने डेरा डाल कर बाघ की निगरानी शुरू कर दी है।
दुधवा टाइगर रिजर्व बफर जोन के दक्षिण निघासन रेंज में शनिवार सुबह ओरीपुरवा गांव के लोगों ने जसवंत वर्मा के गन्ने के खेत से एक बाघ को निकलते देखा तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना पर पहुंची टीम ने मौके पर पगचिह्न देखकर वहां बाघ की मौजूदगी की पुष्टि की। दोपहर बाद बाघ की लोकेशन जानने के लिए वाचर 50 वर्षीय रामस्वरूप भार्गव पगचिह्न देखते हुए जैसे ही जसवंत वर्मा के गन्ने के खेत के पास पहुंचे गन्ने के खेत से निकलकर बाघ ने उस पर हमला कर दिया। सिर और बाएं कंधे पर पंजे लगने से रामस्वरूप गंभीर रूप से घायल हो गये। उसके चीखने चिल्लाने पर बाघ भागकर बल्देवपुरवा निवासी जगदंबा के गन्ने के खेत में चला गया।
इस घटना के पांच मिनट बाद ही गन्ने के खेत से निकल कर बाघ ने खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहे बल्देवपुरवा गांव निवासी क्षेत्र पंचायत सदस्य 45 वर्षीय रामकिशोर पर भी हमला कर दिया। पीछे से बाघ के हमला करने से राम किशोर की पीठ और बाएं कंधे पर गहरे जख्म हुए हैं। ग्रामीणों के शोर मचाने पर बाघ कुछ ही दूरी पर एक गन्ने के खेत में चला गया। दोनों घायलों का निघासन में प्राथमिक उपचार किया गया। उसके बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम के साथ तहसीलदार पूरन सिंह राना और पुलिस टीम ने मौके पर डेरा डाल दिया। उधर बाघ के एक खेत में छिपे होने की आशंका से ग्रामीणों ने गन्ने के खेत को घेर लिया। दक्षिण निघासन के रेंजर पलटूराम राना ने बताया कि हमलावर बाघ की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।