गांवों में जाकर टीमें निबटाएंगी
जमीन संबंधी विवाद
- राजस्व और पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में 20 टीमें गठित
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी।
भूमि संबंधी विवादों के निबटारे के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत थाना स्तर पर राजस्व और पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में टीमें गठित कर दी गई हैं। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह टीमें निर्धारित तिथि पर निर्धारित गांवों में जाकर भूमि संबंधी विवादों को सुनकर उनका स्थलीय निरीक्षण कर निदान करेगी। इसके लिए 20 टीमें गठित की गईं हैं।
डीएम ने बताया कि थानेवार गठित इन टीमों में एक राजस्व अधिकारी, चार लेखपाल, संबंधित थाने के उपनिरीक्षक और चार सिपाही शामिल किए गए हैं। टीमों को निर्देश दिया गया है कि टीम लीडर अपने कार्यों/विवादों के निपटारे की प्रतिदिन सूचना ई-मेल या विशेष वाहक के जरिए डीएम और एसपी को भेजेंगे। साथ ही इसे आरजीआरएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज कराएंगे। टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि न्यायालयों में विचाराधीन मामलों को छोड़कर शेष सभी मामलों का समाधान गांव में सभी संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विधिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए किया जाए।
संवेदनशील और जटिल प्रकरणों का निस्तारण एसडीएम/सीओ के मार्गदर्शन पर्यवेक्षण और उपस्थित में करने को कहा गया है। अति संवेदनशील और अति गंभीर प्रकरणों में उनसे भी मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया सप्ताह में रेंडम आधार पर चयनित कम से कम एक गांव का संयुक्त निरीक्षण डीएम, एसपी करेंगे। इसी प्रकार एडीएम, एएसपी भी एक अभियान दिवस पर कम से कम दो गांवों का संयुक्त निरीक्षण करेंगे। सभी एसडीएम और सीओ संयुक्त रूप से संबंधित तहसीलों, थानों में प्रत्येक अभियान दिवस पर कार्य कर रही टीमों का कम से कम एक बार अवश्य निरीक्षण करें।