किसानों से गेहूं खरीदने
को 127 क्रय केंद्र बनाए
- डीएम ने 15 मार्च तक केंद्रों की तैयारी पूरी करने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी।
प्रदेश सरकार ने किसानों का गेहूं खरीदने के लिए इस बार एक माह पहले ही तैयारी तेज कर दी हैं। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने आठ एजेंसियों को 127 क्रय केंद्रों को खोले जाने की स्वीकृति दे दी है, जो पिछले वर्ष खोले गए 149 क्रय केंद्रों से 22 कम है। सभी एजेंसियों को क्रय केंद्र खोलने से पूर्व की जाने वाली सभी तैयारी 15 मार्च तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के लिए प्रत्येक वर्ष एक अप्रैल से क्रय केंद्र खोले जाते हैं। इस वर्ष धान खरीद 31 जनवरी 2018 को समाप्त होने के बाद ही सरकार ने गेहूं खरीद की तैयारी शुरू कर दी है। ताकि किसानों को बिचौलियों के चंगुल से बचाया जा सके। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी कौशल देव ने बताया है कि एजेंसी विपणन के 20, पीसीएफ के 65, एसएफसी के छह, कर्मचारी कल्याण निगम के 12, एग्रो का एक, एफसीआई के पांच, पीसीयू के 14 और एनसीसीएफ के चार क्रय केंद्र खोले जाने की स्वीकृति मिली है। अभी कुछ और क्रय केंद्र खोलने के प्रस्ताव मांगे गए हैं, जिससे पिछले वर्ष से संख्या कम न हो। सभी एजेंसी प्रबंधकों को क्रय केंद्र की तैयारी 15 मार्च 2018 तक पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। एक अप्रैल से गेहूं खरीद प्रारंभ की जाएगी।