लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली इलाके में कार सवार बदमाशों ने सोमवार सुबह तड़के पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर स्थित सुमित्रा मोटर्स के मारुति शोरूम पर धावा बोल दिया। आग ताप रहे गार्ड की पिटाई कर उसे गोली मार दी। उसे घायल हालत में शोरूम के टॉयलेट में बंद कर दिया। वहां तैनात दो अन्य गनमैनों रजनीश और विजय के सिर पर तमंचे की बट मारकर बंधक बना लिया। दोनों की बंदूक छीनकर तोड़ डाली। शोरूम के रैक में रखी करीब दो सौ रुपये की रेजगारी और चौकीदार से 600 रुपये की नकदी लूट ली। तिजोरी तोड़ने की असफल कोशिश की। कामयाब न होने पर बदमाश भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां एक गार्ड की हालत गंभीर बनी हुई है।
पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर एलआरपी पुलिस चौकी और लालपुर तिराहे के बीच सुमित्रा मोटर्स का मारूति शो रूम है। जिस पर नहर पटरी गोला रोड निवासी रामनरेश (50) गार्ड हैं, जबकि थाना फरधान के गांव पिपराछीट निवासी रजनीश सिंह और विजय सिंह गनमैन हैं। तीनों शोरूम की रखवाली करते हैं। बदमाशों की गोली से घायल हुए रामनरेश ने बताया कि वह रविवार की रात शोरूम के सामने हाईवे के निकट आग जलाकर ताप रहा था, जबकि दोनों गनमैन करीब 20 मीटर दूर मेन गेट पर बैठे थे। दोनों के पास बंदूक भी थी। सोमवार की तड़के घने कोहरे के बीच करीब 3.30 बजे एक कार थाना फरधान की ओर से आई और हाईवे के किनारे लगे जेनरेटर के पास रुकी। कार से दो युवक उसकी ओर आते दिखे। आते ही बदमाशों ने उसे दबोच लिया और तमंचों की बटों से पिटाई कर सीने पर गोली मार दी। गनमैन जब तक कुछ समझ पाते, तबतक बदमाशों ने दोनों गनमैनों को भी कब्जे में कर उनकी दोनों बंदूक छीन लीं। पिटाई कर बंदूकों को तोड़ दिया। शोरूम की चाबी छीनकर बदमाशों ने रामनरेश की जेब में रखे 600 रुपये लूट लिए। उसे मृत समझकर शोरूम के अंदर बने टॉयलेट में ले जाकर डाल दिया। बदमाशों ने शोरूम में रखे काउंटरों आदि की रेक तोड़ डाली। रेक में रखी करीब दो सौ रुपये की रेजकारी भी लूट ली। तिजोरी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन तिजोरी न टूटने पर बदमाश भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद गनमैनों ने घटना की सूचना यूपी 100 पुलिस को दी। जिस पर सीओ श्रेष्ठा ठाकुर, सीओ क्राइम प्रदीप सिंह, प्रभारी निरीक्षक सदर अशोक कुमार पांडेय और यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर डॉक्टर ने गनमैनों को प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी, जबकि घायल रामनरेश की हालत गंभीर होने पर उसे भर्ती कर लिया।
पुलिस ने घेराबंदी कर चलाया सर्च अभियान
शोरूम पर गार्ड को गोली मारकर लूटपाट की घटना होने की जानकारी जब पुलिस को हुई तो पुलिस के हाथपांव फूल गए। पुलिस ने बिना समय गंवाए वायरलैस सेट से थानों को घटना की जानकारी दी। आसपास के इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाया, लेकिन बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लग सके।
हाईवे पेट्रोलिंग और सुरक्षा पर उठे सवाल
मारूति शोरूम में हुई वारदात के बाद हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुलकर सामने आ गई है। हाईवे पर घटनाओं को रोकने के लिए यूपी 100 के अलावा गश्ती सिपाही और थानों की पुलिस भी पेट्रोलिंग करती है। इसके अलावा कोबरा मोबाइल भी रहती है। खासबात यह है कि बदमाश करीब आधे घंटे तक लूटपाट करते रहे, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे हाईवे की सुरक्षा औैर पेट्रोलिंग पर सवाल उठने लगे हैं।
शोरूम में नहीं लगे हैं सीसीटीवी कैमरे
एसपी पूनम ने जिले का चार्ज लेने के बाद व्यापारियों के साथ एक बैठक की थी और प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाने की अपील की थी, लेकिन जिस शोरूम में बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया, वहां कैमरा भी नहीं लगा हुआ था। यदि कैमरा लगा होता तो शायद बदमाशों की पहचान कराने की कोशिश में पुलिस को काफी मदद मिलती।
मोबाइल तोड़कर बदमाशों ने निकाला सिम
घायल गार्ड रामनरेश ने बताया कि बदमाशों ने उसका मोबाइल छीन लिया, जिसे तोड़कर फेक दिया और सिम निकाल कर जेब में रख लिया था।
शोरूम पर लूटपाट की घटना नहीं हुई है, क्योंकि बदमाश शोरूम में रखी करीब पांच हजार रुपये की नकदी नहीं ले गए हैं। घटना के खुलासे के लिए टीमें लगाई गई हैं। शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा।
- पूनम, पुलिस अधीक्षक
तिजोरी में करीब 50 हजार रुपये का कैश था। तिजोरी के न टूटने से नकदी बच गई है। काउंटरों की रेक में करीब दो सौ रुपये की रेजकारी थी, जिसे बदमाश लूट ले गए हैं और कोई सामान नहीं गया है, लेकिन रेक आदि बदमाशों ने तोड़ डाली है। तिजोरी को तोड़ने की भी भरसक कोशिश की है। सीसीटीवी कैमरा खराब हो गया था, जिसे अभी कुछ दिन पहले ठीक कराने के लिए भेजा है।
- अमित अग्रवाल, मैनेजर सुमित्रा मोटर्स मारुती सुजकी शोरूम लखीमपुर खीरी।