हिंसा और उत्पीड़न के खिलाफ महिलाओं ने भरी हुंकार
लखीमपुर खीरी। वर्तमान दौर में महिला हिंसा और उत्पीड़न के खिलाफ तराई बेल्ट में महिलाओं ने हुंकार भरी है। जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी में स्वास्थ्य के क्षेत्र में रिसर्च कर रहीं डॉ. पूर्वी वर्मा ने दो टूक कहा है कि केंद्र और प्रदेश की सरकारों ने देश की आधी आबादी के साथ धोखा किया है। महिलाओं को हक समाजवादी परिवेश में ही मिल सकता है, इसलिए उन्हें एकजुट होना होगा। तभी उनके साथ इंसाफ हो सकेगा।
राज्यसभा सदस्य और सपा के राष्ट्रीय महासचिव रवि प्रकाश वर्मा की बेटी डॉ. पूर्वी ने यह बात राधाकृष्ण निर्मल खत्री धर्मशाला में जिलाध्यक्ष तृप्ति अवस्थी द्वारा आयोजित सपा महिला सभा के जिलास्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कही। इस मौके पर मौजूद मुख्य अतिथि महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष गीता सिंह ने भी डॉ. पूर्वी की प्रशंसा की। मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रदेश में ही नहीं पूरे देश में बच्चियां और महिलाएं असुरक्षित हैं। महिला अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। महिलाओं ने सरकार को उखाड़ फेकने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि सपा के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य आदि को लेकर अलख जगाई थी। सम्मेलन में 2019 को लेकर रणनीति बनाई गई। कहा गया, महिलाएं 2019 में अपने साथ किए गए छल का बदला लें।
मुख्य वक्ता राज्यसभा सांसद रवि प्रकाश वर्मा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार कतई गंभीर नहीं है। एमएलसी शशांक यादव ने कहा कि महिलाओं पर लगातार जुल्म हो रहे हैं। महिला जिलाध्यक्ष तृप्ति अवस्थी ने महिलाओं को संकल्प दिलाया कि 2019 में भाजपा को सत्ता से बाहर करना है। सम्मेलन को पूर्व उपाध्यक्ष क्रांति कुमार सिंह, सपा जिलाध्यक्ष मोहम्मद कयूम, पूर्व विधायक विनय तिवारी, यशपाल चौधरी, पपिल मनार आदि ने भी संबोधित किया। सम्मेलन की अध्यक्षता महिला सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनीता यादव ने की। सम्मेलन में मीरा बानो, पूनम यादव, रहनुमा, रूपा सक्सेना, सविता तिवारी, प्रवीन आरा, सादिया, माया देवी, रन्नो दीक्षित समेत भारी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।