सोमवार सुबह वन रेंज मोहम्मदी महेशपुर की देवीपुर बीट के गांव परबस्तनगर के समीप दहाड़ लगाने के बाद गांव रामपुर मक्का निवासी अमर सिंह की भुसौरी में जा घुसे बाघ को देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
सोमवार अल सुबह देवीपुर बीट के जंगल से निकला बाघ परबस्तनगर गांव की आबादी के पास जा पहुंचा और काफी देर दहाड़ता रहा। शोर मचाने पर बाघ वहां से हटकर रामपुर मक्का गांव की आबादी के बाहर बनी अमर सिंह की भुसौरी में जा घुसा। गांव के लोग जब खेतों की ओर गए तो भुसौरी के पास बाघ खड़ा देख सहम गए और सूचना वनकर्मियों और गांव वालों को दी। जिस पर तमाम ग्रामीण लाठी डंडे, पटाखे लेकर वहां पहुंच गए। उधर फारेस्टर रामप्रसाद, रामनरेश वर्मा, वनरक्षक राजेश, विनीत सिंह, वाचर प्रमोद कुमार, बेचेलाल आदि वनकर्मी भी पहुंच गए। शोर मचाने, पटाखे दगाने पर बाघ पड़ोस के गन्ने की फसल में घुस गया जिससे डरे सहमे ग्रामीणों ने गन्ने को काफी देर तक घेरे रखा। वनकर्मियों ने बताया कि बाघ के ताजे पगचिन्ह भुसौरी के पास मिले हैं, बाघ अभी भी गन्ने के खेत में मौजूद है।