दुधवा टाइगर रिजर्व के किशनपुर सेंक्चुरी जंगल से सटे चलतुआ गांव में शनिवार को करीब दस बजे बाघ की लोकेशन ट्रेस करने के लिए गन्ने के खेत की कांबिंग की जा रही थी। इसी दौरान मादा हाथी टेरेसा ने खेत में छिपे बाघ को देख लिया और चिंघाड़ते हुए उसे सूंड़ में लपेटकर जोरदार पटकनी दी। इससे गुस्साए बाघ ने मादा हाथी पर हमला कर दिया जिससे वह लहूलुहान हो गई। मादा हाथी टेरेसा के घायल होने पर महावत उसे तुरंत गन्ने के खेत से बाहर लेकर आए। घटनास्थल पर मौजूद दुधवा नेशनल पार्क उप-निदेशक महावीर कौजलगि ने डब्ल्यूटीआई टीम के डॉक्टरों को बुलाकर मादा हाथी का इलाज शुरू करवाया।
इससे पहले गन्ने के खेत में छिपे बाघ की लोकेशन ट्रेस करने के लिए दुधवा नेशनल पार्क वार्डन एसके अमरेश ने ड्रोन कैमरे की मदद ली लेकिन ड्रोन कैमरे में बाघ की लोकेशन ट्रेस नहीं हुई। बाद में चलतुआ में मौजूद कर्नाटक से आए दो मादा हाथियों डायना और टेरेसा के महावतों महताब और हरप्रसाद के साथ गन्ने के खेत में कांबिग के लिए भेजा गया। जहां खेत में छिपे बाघ ने मादा हाथी टेरेसा को घायल कर दिया। कांबिग के दौरान गांव के लोग घरों की छतों पर खड़े रहे।
गौरतलब है कि शुक्रवार शाम चलतुआ गांव के पास पहुंचे बाघ ने कुत्ते को अपना शिकार बनाया था। इस पर ग्रामीणों ने खेत में घुसे बाघ को खदेड़ने की कोशिश की थी। इस दौरान एक युवक गन्ने खेत के किनारे तक पहुंच गया, जहां छिपे बाघ ने उसपर हमला कर घायल कर दिया था। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी थी। इसके बाद घटनास्थल पर पहुंचे वन कर्मियों को पगचिह्न मिले जिससे इलाके में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि हुई थी। इस मौके पर वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों के अलावा थाना सेहरामऊ उत्तरी के प्रभारी इंस्पेक्टर अतर सिंह, एसआई अनिल कुमार दलबल सहित मौजूद रहे।
चलतुआ गांव के गन्ने के खेत में छिपे बाघ की लोकेशन ट्रेस करने के लिए दो मादा हथिनी डायना, टेरेसा महावतों के साथ कांबिग कर रहीं थी। इस दौरान गन्ने खेत में छिपे बाघ ने टेरेसा को घायल कर दिया। हमले में घायल हुई टेरेसा का डब्ल्यूटीआई के डॉक्टरों की टीम से इलाज कराया जा रहा है।
- महावीर कौजलगि, उप-निदेशक, दुधवा नेशनल पार्क