जिले में करामाती गिलास, मोरपंखी और नागमणि के नाम पर ठगी का कारोबार जारी है। ठगों ने करामाती गिलास में पूरी दुनिया दिखाने का झांसा देकर शहर के मोहल्ला गोटैय्या बाग निवासी पदुम कुमार दुबे से 50 हजार रुपये ठग लिए और भाग निकले। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला गोटैय्या बाग निवासी पदुम कुमार दुबे की थाना निघासन के गांव रायपुर निवासी फिरोज और गयाप्रसाद से मुलाकात हुई। दोनों ने कहा कि उसके पास एक करामाती गिलास है, जिसे वह लोग बेचना चाहते हैं। इस पर पदुम से गिलास का 50 हजार रुपये में सौदा तय हो गया। पीड़ित पदुम के मुताबिक 12 जुलाई 18 को फिरोज और गया प्रसाद ने उसे शाम 8.30 बजे मेला मैदान स्थित एक होटल पर बुलाया। वह जब पहुंचा तो दोनों युवक उसे होटल के गेट पर खड़े मिले। इस पर उन्होंने उन्हें 50 हजार रुपये दे दिए। आरोपियों ने कपड़े में लिपटा गिलास उसे पकड़ा दिया और कहा कि इस गिलास में पानी भरते ही पूरी दुनियां नजर आएगी। गिलास को बाहर नहीं खोलना वरना हवा लग जाएगी। गिलास पाकर वह काफी उत्साहित हुआ और उसे लेकर घर पहुंचा। घर के कमरे में जाकर गिलास खोला और उसमें पानी भरा तो कुछ नहीं हुआ। जब उसे ध्यान से देखा तो वह साधारण फूल का गिलास था। इससे उसके होश उड़ गए। उसने फिरोज से जब रुपये वापस लेने का दबाव बनाया तो आरोपी धमकी देने लगे।