15 एलकेएच 7, 8
संदिग्ध हालात में विवाहिता की जलकर मौत
गुरुवार को ही मायके से आई थी विवाहिता
पुलिस ने पति को हिरासत में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
बेलरायां। कोतवाली तिकुनियां के गांव डांगा निवासी संदीप कुमार मिश्रा की 26 वर्षीय पत्नी शिवा मिश्रा की संदिग्ध हालातों में जिंदा जलकर मौत हो गई। पति उसे गुरुवार को ही विदा कराकर मायके से अपने घर लाया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने पति को हिरासत में लिया है।
गांव डांगा निवासी वीरेंद्र कुमार मिश्रा की पत्नी रामदेवी ने बताया कि उनके पुत्र संदीप कुमार मिश्रा की शादी सात साल पहले सीतापुर जिले के ग्राम अरसेहड़ा निवासी शिवा मिश्रा से हुई थी। गुरुवार को बहू मायके से विदा होकर ससुराल आई थी। तभी से बहू कुछ गुमसुम रह रही थी। उन्होंने गुमसुम रहने का कारण भी जानना चाहा, लेकिन बहू ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया। शुक्रवार सुबह शिवा मिश्रा सोकर उठी। साफ-सफाई करने और चाय नाश्ता बना कर कमरे में चली गई। वह लोग भी चाय नाश्ता कर बाहर आ गए। इसी बीच घर से धुआं निकलता देखा तो सभी लोग भागकर भीतर पहुंचे तो देखा बहू जल रही थी। यह देख उनके होश उड़ गए। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग भी आ गए। जैसे तैसे आग पर काबू परया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बहू की मौत की खबर मायके वालों को दी गई लेकिन शाम तक मायके वाले मौके पर नहीं पहुंचे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली तिकुनिया प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि शव पुलिस के कब्जे में है। परिवार के लोग शाम पांच बजे तक नहीं आएं हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।