लखीमपुर खीरी। अपराध समीक्षा बैठक में एसपी पूनम ने कहा कि सावन मास शुरू हो चुका है। सभी थाना प्रभारी रास्तों पर कड़ी नजर रखें। कांवडिय़ों को आने-जाने में कोई असुविधा और उनके साथ कोई अप्रिय घटना न हो।
अपराध समीक्षा बैठक से पूर्व पुलिस सभागार में सैनिक सम्मेलन हुआ। एसपी पूनम ने पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनका निस्तारण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके बाद उन्होंने थानावार अपराधों और विवेचनाओं की समीक्षा की। बैठक खासतैर पर कांवडिय़ों की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर ही आधारित रही। एसपी ने कहा कि सावन माह शुरू हो चुका है। शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ और कांवडियों के जत्थे आने लगे हैं। कांवडियों की सुरक्षा को लेकर थाना प्रभारी कोई लापरवाही न बरतें। चिन्हित प्वाइंटों और रूटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखें। कांवडियों के साथ कोई अनहोनी न होने पाए। उन्होंने पिछले 10 सालों में सावन मास में कांवडियों के साथ हुई दुर्घटनाओं और घटनाओं की भी जानकारी ली। एसपी ने थाने पर आने वाले पीड़ित की धैर्यपूर्वक शिकायत सुनने और महिलाओं-बच्चियों के साथ होने वाले अपराधों की रोकथाम हेतु प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बैठक में एएसपी शैलेंद्र लाल, सभी सीओ, प्रभारी निरीक्षक, टीएसआई आदि रहे।