पलियाकलां। केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीणों के लिये चलाई जा रहीं योजनाओं के लाभ दिये जाने में किसी भी तरह की लापरवाही बरतने पर बीडीओ ने ग्राम पंचायत अधिकारियों को कार्रवाई की चेतावनी दी है। बीडीओ ने बृहस्पतिवार को सभी ग्राम पंचायत अधिकारियों संग बैठककर योजनाओं के बारे में ज्यादा से ज्यादा लोगों को बताने के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को पलिया ब्लॉक सभागार में बीडीओ डॉ. विनय कुमार मिश्रा ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों व कार्यालय के कर्मचारियों से पौधरोपण, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, मनरेगा व मानव दिवस आदि कार्यों में तेजी लानेे के निर्देश दिए। बीडीओ ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र में स्थित प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में लगे इंडिया मार्का नल के पास एक ही दिन में 21 जुलाई को रिचार्ज फीड बनाये जाने का कार्य किया जाना है, जिसे उसी दिन पूरा करना होगा। इस दौरान एडीओ पंचायत चैनूराम राना सहित कई गांवों के ग्राम पंचायत अधिकारी मौजूद रहे।