गोला गोकर्णनाथ। लखीमपुर रोड स्थित सुषमा क्लीनिक एवं मेटरनिटी होम में बुधवार को प्रसव के दौरान नवजात की मौत हो गई। इस पर प्रसूता ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला लांबा नगर निवासी 34 वर्षीय रीता शर्मा पत्नी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि बुधवार दोपहर प्रसव पीड़ा होने पर सास रामवती के साथ सुषमा मेटरनिटी होम पर आकर डॉ. चेतन वर्मा को दिखाया। जिस पर उन्होंने जांच कर भर्ती कर लिया। रीता का कहना है कि दोपहर दो बजे के करीब अस्पताल की दो महिलाओं ने प्रसव कराया, जिसके कुछ ही देर बाद नवजात की मौत हो गई। प्रसूता का कहना है कि डॉक्टर की लापरवाही से नवजात की मौत हुई है। सूचना पर पहुंचे परिवार वाल अस्पताल में हंगामा करने लगे। प्रसूता ने पुलिस को सूचना देकर मामले पर कार्रवाई करने की मांग की है। प्रसूता ने बताया कि उसके पति सुरेंद्र शर्मा कांट्रैक्टर है और व्यवसायिक कार्य से बाहर हैं।
नवजात की मौत होने के मामले की जानकारी नहीं है। इसकी जांच कराई जाएगी, जिसके बाद कार्रवाई होगी। -डॉ. मनोज अग्रवाल, सीएमओ
प्रसव पीड़िता को भर्ती कर जब जांच की गई तो बच्चे की धड़कन नहीं मिल रही थी। इस पर गर्भवती को महिला अस्पताल जानेे की सलाह दी थी, लेकिन वह लोग उसे नहीं ले गए। प्रसव के दौरान मृत बच्चे का जन्म हुआ था, जिसकी जानकारी उसकी सास को दी गई थी। प्रसूता को इसलिए नहीं बताया कि कहीं उसे सदमा न लग जाए। घरवाले जो आरोप लगा रहे हैं, वह सरासर गलत हैं। -डॉ. चेतन वर्मा, सुषमा क्लीनिक एवं मेटरनिटी होम