सिकन्द्राबाद। थाना नीमगांव के बेहजम तिराहे पर रविवार की सुबह घेराबंदी कर वन विभाग की टीम ने तोता तस्करी में फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से तीन कबूतर और एक तीतर बरामद किया गया है। वन विभाग ने चारों आरोपियों का चालान भेज दिया है।
एसडीओ आरएस शुक्ला के नेतृत्व में मैगलगंज के रेंजर राजीव कुमार गुप्ता, फारेस्टर रविकांत वर्मा और वन रक्षक उमेश वर्मा गश्त पर थे। तभी मुखबिर की सूचना पर सुबह साढ़े पांच बजे बेहजम ओयल तिराहे पर घेराबंदी करके चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से तीन कबूतर और एक तीतर बरामद किया, जिन्हें बेचने जा रहे थे। पकड़े गए लोगों की पहचान धनीराम, बहादुर, रामगुलाम निवासी भूलनपुर थाना नीमगांव और राजू निवासी नवदिया थाना खुटार जनपद शाहजहांपुर के तौर पर हुई हैै। रेंजर राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी तीन दिन पहले 250 तोते बरामदगी मामले में फरार चल रहे थे। सभी को जेल भेज दिया गया है।