ममरी। गोला मोहम्मदी रोड पर रोडवेज की अनुबंधित बस ने गढ़ी मोहल्ला गोला निवासी 70 वर्षीय साइकिल सवार फरजंद अली को रौंद दिया। उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। चालक परिचालक बस छोड़कर भाग गया।
रविवार पूर्वाह्न 11 बजे मोहम्मदी रोड पर गांव मूड़ाभाई के पास साइकिल से रिश्तेदारी में जा रहे गढ़ी मोहल्ला गोला निवासी 70 वर्षीय फरजंद अली की साइकिल को गोला से मोहम्मदी जा रही लखीमपुर डिपो की अनुबंधित बस ने पीछे से टक्कर मार दी। फरजंद अली रोड से सटी लगी पत्थर की ढेर पर गिरकर बस के नीचे आ गया और गंभीर घायल हो गया। चालक परिचालक बस छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पहुंचे एसओ धर्मदास सिद्धार्थ, दरोगा मनोज यादव ने घायल को 108 एंबुलेंस से सीएचसी गोला पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक का शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही बस को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बस में सवार यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य को पहुंचाया। एसओ ने बताया कि मृतक के परिवारी मोहम्मद सिद्दीक की तहरीर पर बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।