लखीमपुर खीरी। वाहन और सीट बेल्ट को लेकर पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है। चेकिंग कर उनके चालान भी कर रही है, फिर भी लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। शुक्रवार की दोपहर एसपी खुद फोर्स के साथ सौजन्या चौराहा पहुंची। उन्होंने वाहनों को खंगाला और संदिग्धों की तलाशी कराई। बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के मिले चालकों को फटकार लगाते हुए उन्हें हिदायत भी दी। उन्होंने कहा हेलमेट लगाकर चलें, जोखिम न उठाएं।
पुलिस और प्रशासन चालकों को वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित कर रहा है। इसका कोई खास असर अब तक पड़ता दिखेई नहीं दे रहा है। चालान आदि की तमाम कार्यवाहियों के बाद भी लोग हेलमेट लगाने और सीट बेल्ट बांधने में गुरेज करते हैं। शुक्रवार की दोपहर एसपी ने जिले में वाहन चेकिंग अभियान करने के निर्देश दिए। उसके बाद वह खुद चिलचिलाती धूप में दोपहर करीब डेढ़ बजे पीआरओ दीपक शुक्ला के साथ सौजन्या चौराहा पर पहुंच गई, जहां प्रभारी निरीक्षक सदर फतेह सिंह वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। एसपी ने खुद चेकिंग की कमान संभाली और बाइकों और कारों को खुद खंगाला। संदिग्ध लोगों की तलाशी कराई। बिना हेलमेट और सीट बांधे वाहन चलाते मिले लोगों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि हेलमेट लगाकर और सीट बेल्ट बांधकर वाहन चलाएं, जिससे आपका जीवन सुरक्षित रहे। इस दौरान चालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। इससे लोगों में खलबली मची रही।