लखीमपुर खीरी। मोहल्ला दुर्गापुरम (अर्जुनपुरवा) में एक घर में पड़ी डकैती के मामले में एक साल से फरार चल रहे सीतापुर जिले के शातिर बदमाश दयाराम लोनिया को संकटा देवी चौकी पुलिस ने दबोच लिया। उस पर एसपी ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
प्रभारी निरीक्षक सदर फतेह सिंह ने बताया कि 23 दिसंबर 2018 को मोहल्ला दुर्गापुरम में बदमाशों ने एक घर में डकैती डाली थी। इस दौरान गृहस्वामी को धारदार हथियार से प्रहार कर घायल कर दिया गया था। करीब चार महीने बाद पुलिस ने घटना का खुलासा कर चार बदमाशों को दबोच लिया था, लेकिन सीतापुर के थाना तंबौर के गांव औंरी शाहपुर निवासी बदमाश दयाराम लोनिया फरार था। चार महीने पहले रामापुर में हुई पुलिस मुठभेड़ में रूपन लोनिया पुलिस की गोली लगने से घायल हुआ था, जबकि दयाराम भाग निकला था। एसपी ने फरार आरोपी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। रविवार की दोपहर चौकी इंचार्ज संकटा देवी अजय कुमार सिंह ने मुखबिर की सूचना पर शातिर बदमाश दयाराम लोनिया को बेहजम टैक्सी स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ सीतापुर और लखीमपुर खीरी में कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया है।