सिकंद्राबाद। गोला-कस्ता मार्ग पर शुक्रवार को एक कार वैबहा मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे कुंभी चीनी मिल के डिप्टी मैनेजर और उसमें सवार पांच सुपरवाइजर घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर डिप्टी मैनेजर और एक सुपरवाइजर को लखनऊ रेफर कर दिया है। सभी घायल गन्ना की बुवाई देखने कार से जा रहे थे।
कुंभी चीनी मिल का कार्यालय थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव टिकौला में है। शुक्रवार की सुबह चीनी मिल के डिप्टी मैनेजर लोकेश कुमार राना (45) सुपरवाइजर मुदित शुक्ला, रमेश वर्मा, मिथलेश वर्मा, सुधीर वर्मा और दीपक कुमार के साथ कार से गन्ना बुवाई देखने जा रहे थे। कार डिप्टी मैनेजर चला रहे थे। गोला-कस्ता मार्ग पर वैबहा मोड़ पर पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ में जाकर टकरा गई। हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। कार का अगला हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डिप्टी मैनेजर और सुपरवाइजर सुधीर वर्मा की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया है।