खजुरिया डीसीबी के खाताधारक धरने पर बैठे
संपूर्णानगर। खजुरिया में स्थित जिला सहकारी बैंक में हुए लाखों के गबन में बाकी खाताधारकों का पैसा न मिलने पर उन्होंने प्रदर्शन करते हुए क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। साथ ही चेतावनी दी कि पैसा नहीं मिला तो भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। जिसकी जिम्मेदारी बैंक प्रशासन की होगी।
बता दें कि खजुरिया स्थित जिला सहकारी बैंक में कैशियर व प्रबंधक की मिलीभगत से कई खाताधारकों और ग्रामीणों के खातों से बिना जानकारी के लाखों रुपये का गबन कर लिया गया था। जिसके बाद मामला काफी चर्चा में रहा और ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन भी किया। फिर कैशियर व प्रबंधक पर कार्रवाई कर उनको निलंबित कर दिया गया जबकि उनके खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई। आनन-फानन में कुछ खाताधारकों का पैसा वापस दिया गया लेकिन बाकी लोगों का पैसा न मिलने से उनमें रोष फैल गया। इसको लेकर एसडीएम को ज्ञापन भी दिया गया था। एक बार फिर पैसा दिलाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय सपा नेता एवं पूर्व बीडीसी कुतुबद्दीन अंसारी और धीरेंद्र नाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पीड़ित खाताधारक लामबंद हो गए और उन्होंने सुबह से बैंक के सामने धरना शुरू कर दिया। खाताधारकों ने चेतावनी दी कि अगर 18 जनवरी तक उनके खाते में पैसा नहीं आया तो भूख हड़ताल बैंक के सामने ही शुरू की जाएगी जिसकी जिम्मेदारी बैंक अधिकारी व कर्मचारियों की होगी। इस दौरान पीड़ित खाताधारक राकेश शर्मा, आनंद राय, प्रेम गुप्ता, ओम प्रकाश कंबोज, कपूर सिंह, सतपाल सिंह, गुरुवचन कौर, सुमन देवी, अमरनाथ, रामपाल राय, प्रमोद मौर्य, राजाराम गुप्ता, सावित्री देवी, शिवनंदन आदि भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। उधर इस बाबत खजुरिया शाखा प्रबंधक शेर सिंह ने बताया कि तबियत खराब होने के कारण वह अवकाश पर हैं धरना प्रदर्शन की उनको जानकारी नहीं है। पैसे की बाबत पूछने पर बताया कि इस संबंध में अधिकारियों से बात हो रही है बैंक की जांच लगभग पूरी हो गई है, कुछ खाताधारकों के हस्ताक्षर, निशान की जांच के लिए फारेंसिक लैब में भेजी गई है जांच आने के बाद भुगतान किया जाएगा।