निघासन। भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री दिवंगत रामकुमार वर्मा के श्रद्धांजलि समारोह में डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा शुक्रवार को शामिल होंगे। उनके आगमन को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही है।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष विनोद लोधी ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उप मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर प्रीतमपुरवा रोड स्थित निर्मल चतुर्वेदी के खेत में बने हेलीपैड पर उतरेगा। वहां से वह कार से जिला पंचायत इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। फिर कार्यकर्ताओं से रूबरू होने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उसके बाद जिला पंचायत इंटर कॉलेज के खेल मैदान में श्रद्धांजलि समारोह में शामिल होंगे। तैयारियों को लेकर गुरुवार को एसडीएम केशवनाथ, सीओ सविरत्न गौतम समेत कई अधिकारियों ने मौका मुआयना कर व्यवस्था देखी। इसके अलावा समारोह की तैयारी में रामकुमार वर्मा की पत्नी राजेश्वरी देवी उर्फ लीलावती, बेटा इंद्रेश्वर, शशांक, विकास आदि सुबह से ही लगे रहे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी ने बताया कि सुरक्षा के कडे़ इंतजाम किए गए हैं। पीएसी के अलावा पांच सीओ, 24 इंस्पेक्टर, 36 सब इंस्पेक्टर, 16 महिला इंस्पेक्टर, 38 महिला और 145 कांस्टेबल लगाए गए हैं।
रूट डायवर्जन भी रहेगा
निघासन कस्बे के मुख्य चौराहे पर कॉलेज होने के कारण शुक्रवार को पलिया रोड से आने वाले वाहनों को लालपुर रोड से होते हुए बंधा रोड की ओर, जिला मुख्यालय से सिंगाही, बेलरायां और तिकुनियां की ओर जाने वाले वाहनों को प्रीतम पुरवा होकर एब्लॉन पब्लिक स्कूल के पास निकलने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा स्थानीय चौराहे पर लगाने वाली दुकानों को भी हटाया जा रहा है। पलिया, सिंगाही, ढखेरवा और झंडी रोड पर पुलिस ने बैरियर आदि का भी इंतजाम किया है।