दुधवा के हाथियों ने धान-गन्ने के खेतों में किया उपद्रव
तीसरे दिन भी कई बीघा फसल रौंदी, किसान परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
बेलरायां (लखीमपुर खीरी)। दुधवा टाइगर रिजर्व की बेलरायां रेंज से निकले हाथियों का उपद्रव तीसरे दिन भी जारी रहा। हाथियों ने कई किसानों की धान और गन्ने की फसल बर्बाद कर दी। इससे किसान परेशान हैं। वहीं वन विभाग हाथियों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहा है, जिससे किसानों में खासा आक्रोश है।
ग्राम भूलनपुर निवासी भेड़ोरी साधन सहकारी सीमित के उपाध्यक्ष राममूर्ति वर्मा ने बताया कि रविवार की रात दुधवा टाइगर रिजर्व के जंगल से निकले हाथियों के झुंड ने गांव भूलनपुर निवासी श्यामबिहारी, रमेश कुमार, प्यारेलाल, चुन्नू लाल वर्मा निवासी इसके अलावा भेड़ौरी निवासी रणजीत सिंह, बलराम, सीताराम, खलील अहमद के खेतों में लहलहाती धान और गन्ने की फसलों को रौंद कर तहस-नहस कर दिया। कुशाही निवासी नईम खान, मोतीलाल और महाराजनगर में स्थित हरद्वाही निवासी नावेद हुसैन के खेत में खड़े गन्ने और धान की फसल रौंद डाली। किसानों ने रात में ही वन विभाग को सूचना दी, लेकिन वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची।
वर्जन.....
हाथियों के जंगल से बाहर निकलने की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम को किसानों की मदद और वन्यजीवों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के अधिकारियों से भी इस संबंध में वार्ता की जा रही है।
- महावीर कौजलगि डिप्टी डायरेक्टर, दुधवा टाइगर रिजर्व