सरकारी एजेंसियों के क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद शुरू हुए एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन खरीद की रफ्तार तेज नहीं हो सकी है। अधिकांश केंद्रों पर गेहूं खरीद शुरू होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन किसान व्यापारियों के यहां गेहूं बेच रहे हैं। महीनों पहले खरीद की तैयारियां किए जाने के बावजूद अब भी कई तरह की समस्याएं बनी हुई हैं। मसलन, हैंडलिंग ठेकेदारों की नियुक्ति न होने से क्रय केंद्रों पर श्रमिकों की समस्या बनी हुई है, जिससे कई केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हो सकी है।
बॉक्स-1
11:00 बजे
पलियाकलां। विपणन शाखा के गेहूं खरीद केन्द्र पर अमर उजाला टीम पहुंची तो यहां बैनर टंगा मिला, लेकिन कोई भी कांटा नहीं दिखाई दिया। बारदानें की कुछ गांठें सामने नजर आईं। पड़ताल में पता लगा कि बारदाना आज ही आया है, जिससे अब तक खरीद भी नहीं हुई। नतीजतन मौके पर न तो कोई किसान दिखा और न ही कहीं गेहूं का स्टॉक मिला। काफी देर इंतजार करने के बाद करीब 12 बजे पता चला कि केंद्र प्रभारी लखीमपुर गए हुए हैं।
बाक्स-2
12:30 बजे
टीम ने 12.30 बजे पीसीएफ के गेहूं क्रय केंद्र का हाल जाना तो वहां किसानों की खासी संख्या दिखाई दी। पास में ही इसी केंद्र पर तौल चल रही थी। किसानों ने बताया कि तौल की गति काफी धीमी है, जिससे कई-कई दिन इंतजार करना पड़ रहा है। इससे उनके काम खराब हो रहे हैं। केंद्र प्रभारी ने बताया कि उनका कार्य बदस्तूर जारी है। क्रम से किसानों का गेहूं तोला जा रहा है।
बाक्स-3
01:00 बजे
आवश्यक वस्तु निगम के क्रय केंद्र पर पहुंची, जहां गेहूं की तौल चल रही थी और लेबर बोरों में गेहूं भर रहे थे। तमाम किसान भी यहां मौजूद थे, जिनकी ट्रॉलियों से गेहूं उतारा जा रहा था। किसान हरविंदर पाल सिंह स्वीट, विचित्र सिंह, गहल सिंह, छिंदरपाल सिंह ने बताया कि यहां पर दो कांटों से तोल हो रही है, जिससे उनको कोई परेशानियां नहीं हो रही है।
बॉक्स-4
01:15 बजे
मोहम्मदी। मंडी समिति में पीसीएफ के केंद्र पर अब तक 476 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। वहीं विपणन शाखा के केंद्र प्रभारी पीके सक्सेना ने बताया कि अब तक 9295 क्विंटल गेहूं खरीदा जा चुका है। पीसीयू के बिचपरी केंद्र पर 16 किसानों से 2050 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है। छोलाबारी के किसान इब्राहीम, रामालक्षणा के तरसेम सिंह ने गेहूं बेचा है, लेकिन अभी इन्हें भुगतान नहीं मिला है।
मैलानी केंद्र पर
हुई गेहूं की तौल
मैलानी।
विपणन शाखा के क्रय केंद्र पर साढ़े दस बजे गेहूं की खरीद होते मिली। पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर के धनसिंहपुर के किसान हरजिंदर सिंह के गेहूं की तौल होती दिखी। केंद्र प्रभारी शान उल्ला ने बताया कि केंद्र पर खरीद की सभी औपचारिकताएं पूरी हैं। बताया कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके यहां आने वाले सभी किसानों का शत प्रतिशत गेहूं खरीदा जाएगा।
केंद्रों पर आवक हुई तेज
गोला गोकर्णनाथ।
अलीगंज रोड स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में गेहूं खरीद के दस सेंटर लगे हैं। पांच दिन बाद आवक तेज होने पर इन सेंटरों पर गेहूं खरीद शुरू हो गई है। एफसीआई के केंद्र प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि गेहूं खरीद का लक्ष्य 40 हजार क्विंटल के सापेक्ष अभी तक 3477 क्विंटल खरीद हुई है। कर्मचारी कल्याण निगम के भोला यादव ने बताया कि 30 हजार क्विंटल लक्ष्य के सापेक्ष 290 क्विंटल खरीद की गई है। यूपीएसएफसी के हृदयनरायन पांडे ने बताया कि लक्ष्य 20 हजार के सापेक्ष 761 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है।
गेहूं क्रय केंद्र नहीं खुला
अमीरनगर। कस्बे में साधन सहकारी समिति पर अभी तक क्रय केंद्र की मंजूरी न मिलने से यहां का किसान परेशान है। सचिव अमित तिवारी ने बताया कि पीसीएफ का गेहूं क्रय केंद्र खोलने के लिए प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन अभी तक मंजूरी नहीं मिलने से किसानों का गेहूं नहीं खरीदा जा सका है।
गेहूं की आवक बढ़ी है, लेकिन नमी अधिक होने के कारण खरीद गति पकड़ पा रही है। हैंडलिंग ठेके की प्रक्रिया पूर्ण होने वाली है। कुछ दिनों में गेहूं खरीद सुचारु हो जाएगी।
- लालमणि पांडेय, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी