जिले में ब्राडगेज निर्माण का कार्य रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा है। अभी फरधान में बड़ी नहर पर पुल बनाने का कार्य अधूरा है तो यहां रेल लाइन बिछाने का भी काम पूरा नहीं हो सका है, वहीं गोला में महीनों बाद भी फुट ओवरब्रिज का निर्माण पूर्ण नहीं हो सका है। पुल, पुलियों और प्लेटफार्मों का निर्माण भी अभी अधूरा है। ऐसे में मार्च 2018 में संपूर्ण कार्य पूरा करने का दावा हवा हवाई प्रतीत हो रहा है।
गोला गोकर्णनाथ। एक साल पहले छोटी लाइन बंद होने के बाद ब्रॉडगेज का काम शुरू हुआ था, लेकिन स्थिति यह है कि अब तक रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर ओवरब्रिज का ढांचा ही बन पाया है। श्रमिक रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पैकिंग के काम में जुटे हैं।
बांकेगंज। मैलानी-सीतापुर ब्राडगेज रेल खंड पर बांकेगंज में छोटी नहर पर पुल का निर्माण करीब-करीब पूरा हो गया है, जबकि फरधान में 45.70 मीटर लंबे ओपन गर्डर ब्रिज का अभी ढांचा ही बन सका है। निर्माण एजेंसी के अधिकारी एक माह के अंदर निर्माण कार्य को पूरा करने का दावा तो जरूर कर रहे है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कार्य की गति धीमी होने से पुल का निर्माण होने में चार माह से ज्यादा का समय लग सकता है। बावजूद इसके रेल पटरियां बिछाने, सिग्नलिंग और प्लेटफार्मों का निर्माण होना अभी बाकी है। रेल पटरियों को बिछाने के बाद इनकी लेवलिंग करने में ही तीन से चार महीने का समय लग सकता है।
आमान परिवर्तन के कार्य पर रेलवे विभाग पूरी तरह नजर रख रहा है। निर्धारित समय पर ट्रेनों का संचालन शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है।
- विजय लक्ष्मी कौशिक, डीआरएम, लखनऊ