श्री गुरुनानक देव का प्रकाशोत्सव जिले में श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस मौके पर गुरुद्वारों में दीवान सजे। रागी जत्थों ने शबद कीर्तन गाकर संगत को निहाल किया। श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारों में पहुंचकर गुरुग्रंथ साहिब के सामने मत्था टेका। इसके बाद हुए लंगरों में श्रद्धालुओं ने प्रसाद छका।
गुरुद्वारा निर्मल आश्रम में गुरुग्रंथ साहिब के अखंड पाठ का आयोजन किया गया। शनिवार को पाठ की संपूर्णता हुई। गुरुद्वारे में दीवान सजाया गया। रागी जत्था भाई अनूप सिंह, भाई करनैल सिंह, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा का रागी जत्था भाई दिलबाग सिंह नानकमता साहिब वाले, भाई गुरविंदर सिंह, बीबी जगजीत कौर के जत्थे की बच्चियों ने गुरुबानी कीर्तन सुनाकर संगतों को निहाल किया। निर्मल आश्रम के महंत लक्ष्मण सिंह शास्त्री ने श्री गुरुनानक देव जी के जीवन पर रोशनी डाली।
निर्मल आश्रम गुरुद्वारे में सभी धर्मों के लोगों ने आकर मत्था टेका और लंगर छका। इस मौके पर सविंदर सिंह ओबेरॉय, नरेंद्र सिंह, रंजीत सिंह छाबड़ा, गुरुचरन सिंह सलूजा आदि मौजूद रहे।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के बाद हुजूरी रागी जत्था भाई अनूप सिंह, करनैल सिंह, भाई लखविंदर सिंह और बाहर से आए रागी जत्था हरप्रीत सिंह पटियाला वालों ने अपने कीर्तन से संगत को निहाल किया। सिख मिशनरी कालेज लुधियाना ने भी श्री गुरुनानक देव की जीवनी पर अपने विचार रखे। प्रधान कुलवंत सिंह खैरा, महामंत्री इंद्रपाल सिंह राना ने अपने विचार प्रकट किया।
पलियाकलां। गुरुद्वारा श्रीसिंह सभा में हुजूरी रागी जत्था भाई परमजीत सिंह, लखनऊ के नाका हिंडोला गुरुद्वारे के हजूरी जत्था रजिन्दर सिंह, कथावाचक सेवा सिंह, कश्मीर सिंह आदि ने शबद कीर्तन किया। इसके अलावा श्री गुरुनानक देव विद्यालय, गोल्डन फ्लावर सीनियर सेकेंड्री स्कूल, दून इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने भी कीर्तन किया। कार्यक्रमों में बलदेव वैदिक इंटर कालेज के एनसीसी कैडेट, श्री गुरुनानक देव स्कूल, गोल्डन फलावर, गुरुकुल एकेडमी, एडमांटन स्कूल के बच्चों ने विशेष सहयोग किया। आल इंडिया सिख फेडरेशन ने दस्तार सजाने का कार्य किया।
महंगापुर। गुरुद्वारा नानक पियाऊ में रागी और टाडी जत्थों ने शबद कीर्तन किया। इस मौके पर लंगर का भी आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया।
बांकेगंज। कस्बा स्थित गुरुद्वारा में श्रद्धालुओं ने गुरुग्रंथ साहिब के चरणों में माथा टेक मंगलमय जीवन की कामना की। प्रकाश पर्व के मौके पर भक्तों ने गुरुद्वारा प्रांगण को रंग-बिरंगी बिजली झालरों और फूलों से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने शबद-कीर्तन का आयोजन किया।