बिजुआ (लखीमपुर खीरी)। डिमरौल ग्राम सभा में चकरोड निकालने के नाम पर किसानों की धान एवं गन्ने की खड़ी फसल काट दिए जाने से नाराज किसानों ने प्रदर्शन कर खंड विकास अधिकारी एवं एसओ भीरा को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर ग्राम प्रधान ने भी कुछ किसानों पर असलहा दिखाकर मजदूरों को भगाने का आरोप लगाया है। प्रधान की तरफ से मजदूरों ने बीडीओ को शिकायत पत्र दिया है।
डिमरौल गांव में मनरेगा मजदूर एक चकमार्ग की पटाई कर रहे हैं। यह रास्ता किसानों के खेतों से निकाला जा रहा है, जिससे कई किसानों के खेत में खड़ी फसल काट दी गई। डिमरौल के किसान श्रवण सिंह, कप्तान सिंह, रामकुमार, रामसिंह कोटेदार, जमुना प्रसाद यादव, कोमल दिवाकर, मिश्रीलाल, रामधार, रामपाल समेत बिजुआ के लल्लू राम पांडे के खेतों में खड़ी धान एवं गन्ने की फसल को बगैर किसानों को बताए काट दिया। किसानों को जब खबर लगी तो मौके पर पहुंचे। किसानों ने इस मामले में भीरा एसओ को तहरीर देकर प्रधान भगतराम पर जानबूझकर फसल कटवाने का मुकदमा दर्ज कराने की अपील की है।
इंसेट....
कटी फसल लेकर पहुंचे ब्लॉक कार्यालय
बिजुआ। किसान कटी गन्ने की फसल को लेकर बिजुआ ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। वहां पर प्रदर्शन कर प्रधान के खिलाफ कार्रवाई के लिए बीडीओ को शिकायत पत्र सौंपा है। लोगों का आरोप है कि अगर प्रधान समय देते तो वह अपनी फसल को जड़ से उखाड़ कर दूसरी जगह रोप देते। उधर प्रधान भगतराम भी बिजुआ पहुंचे, प्रधान ने मनरेगा मजदूरों की तरफ से एक पत्र बीडीओ को सौंपा है, जिसमें उक्त किसानों पर मजदूरों पर असलहा लहराकर काम से भगा देने का आरोप लगाया है। बीडीओ के मुताबिक इस मामले की जांच को जेई को भेज रहे हैं, जिनसे कल ही रिपोर्ट मांगी गई है।