गोला गोकर्णनाथ। लखनऊ विश्वविद्यालय के एलयू कप अंतर महाविद्यालयी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में लखीमपुर खीरी जिले की 15 सदस्यीय टीम प्रतिभाग करेगी। टीम का चयन बुधवार को नगर के सीजीएन पीजी कॉलेज में हुए टी-20 रेड बॉल क्रिकेट ट्रायल के बाद किया गया। टूर्नामेंट लखनऊ में 12 से 16 अक्तूबर तक आयोजित होगा।
क्रीड़ा प्रभारी एवं लखनऊ विश्वविद्यालय से चयनकर्ता डॉ. नवनीत तोमर के मार्गदर्शन में सुबह 10 बजे ट्रायल शुरू हुआ। विभिन्न महाविद्यालयों से आए 42 प्रतिभागियों के प्रदर्शन के आधार पर टीम चयनित की गई। टीम में अभय सिंह राठौर, राज जायसवाल, अनुराग कुमार, आयुष मिश्रा, अनुराग कुमार, अतुल कुमार, कृष्णा सिंह, अजय, सौरभ बाजपेयी, दीपांशु, शिवाकांत, निहाल, सुजीत, अलोक वर्मा, रचित शर्मा और प्रसून वर्मा शामिल हैं।
चयन प्रक्रिया में डॉ. मंजू शुक्ला, डॉ. शेषमणि विश्वकर्मा और डॉ. मनोज कुमार निर्णायक रहे। मुख्य चयनकर्ता डॉ. नवनीत तोमर ने बताया कि जिले से 15 खिलाड़ियों की टीम टूर्नामेंट में प्रतिभाग करेगी।
प्राचार्य प्रोफेसर पंकज सिंह ने कहा कि यह टीम सिर्फ गोला की नहीं, बल्कि पूरे लखीमपुर का नाम रोशन करने के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय जाएगी। इस मौके पर गुरु हरिकिशन महाविद्यालय के प्राचार्य निर्मल सिंह, टीम के मैनेजर प्रशांत सिंह एवं अनिल सिंह, विपिन कुमार, सरवन कुमार, विद्यासागर, गोकर्ण, आरती आदि मौजूद रहे।