एमपी के विधानसभा चुनाव कराएंगे खीरी के होमगार्ड
लखीमपुर खीरी। मध्य प्रदेश के दो जिलों में लखीमपुर खीरी के 400 होमगार्ड इस बार विधानसभा चुनाव कराएंगे। बुधवार को पुलिस लाइन से मध्यप्रदेश से आईं बसों से होमगार्ड रवाना हो गए। चुनाव ड्यूटी जाने से पूर्व होमगार्डों को चुनावी भत्ता आदि भी दिया गया।
जिला होमगार्ड्स कमांडेंट विशंभर प्रसाद मिश्रा ने बताया कि मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को जिला सींधी और सिंघरौली में विधानसभा के लिए मतदान होगा, जिसमें लखीपुर खीरी जिले के 400 होमगार्डों की ड्यूटी लगाई गई है। सिंधी जिले में 102 और सिंघरौली जिले में 298 होमगार्ड चुनाव संपन्न कराएंगे। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश से आई आठ बसों से जवानों को रवाना किया गया है। यह जवान मतदान संपन्न कराकर 30 नवंबर को जिले में वापस आएंगे। ड्यूटी पर रवाना करने से पहले प्रत्येक जवानों को 6,760 रुपये ड्यूटी भत्ता और 200 रुपये प्रति दिन भोजन भत्ता नकद दिया गया है। मध्यप्रदेश में चुनावी ड्यूटी संपन्न कराने जाने वाले होमगार्डों में खुशी का माहौल था।