फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाबू ने पीटा तो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने जहर खाकर जान दी

Mon, 15 Oct 2018 06:16 PM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
सिंचाई विभाग के एक बाबू ने अपने ही दफ्तर के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बिरजू की डंडे से पिटाई कर दी, जिससे आहत होकर उसने जहर खाकर जान दे दी। मृतक की पत्नी ने आरोपी बाबू के खिलाफ सदर कोतवाली तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उधर, विभागीय अफसरों ने भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया है। वाकया 13 अक्तूबर की शाम का है।
विज्ञापन

शारदानगर पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव गोड़ियाना (ओदारा) निवासी 35 वर्षीय बिरजू केवट शारदानगर स्थित सिंचाई विभाग में तीन साल से वेलदार पद पर कार्यरत थे। भाई मांझी ने बताया कि किसी बात को लेकर 13 अक्तूबर को बाबू अनूप कुमार से उनके भाई की कहासुनी हो गई थी। इससे नाराज अनूप कुमार ने उनसे गाली गलौज कर अभद्रता की। मना करने पर उसने भाई बिरजू की डंडे से पिटाई कर दी। आरोप है कि बाबू ने भाई की जेब से 630 रुपये भी निकाल लिए। बताया कि जब भाभी और उनके बच्चे उन्हें बचाने पहुंचे तो उसने उन लोगों को भी गाली गलौज कर भगा दिया। पिटाई से आहत भाई लखीमपुर गए और एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। विभागीय अफसरों ने भी कोई ध्यान नहीं दिया। पुलिस कार्रवाई न होने और पिटाई से समाज में हुई बदनामी से आहत और परेशान होकर उनके भाई ने रविवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोग उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां सोमवार की सुबह उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी बृजरानी ने आरोपी अनूप कुमार के खिलाफ सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पूर्व में पुलिस को घटना की कोई तहरीर नहीं मिली है। सोमवार को बिरजू की पत्नी ने आरोपी बाबू अनूप कुमार के खिलाफ तहरीर दी है। इसकी जांच कराई जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जांच के बाद सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। अशोक कुमार पांडेय, सदर कोतवाल
विज्ञापन


मारपीट का मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया था। बिरजू या उसके परिवारवालों ने भी इसकी कोई जानकारी उनको नहीं दी। उसने आत्महत्या क्यों की यह जांच का विषय है। जांच पुलिस करेगी। उनके पास किसी भी तरीके से कोई भी शिकायत कभी नहीं आई है। डीसी वर्मा, अधिशाषी अभियंता, सिंचाई खंड शारदानगर
विज्ञापन






 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें