प्रधान के खिलाफ ग्रामीणों ने पेश किया अविश्वास प्रस्ताव
क्रासर......
मितौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत सलाहपुर ग्रंट का मामला
टीम ने सोमवार को ग्रामीणों के हस्ताक्षर का किया सत्यापन
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। मितौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत सलाहपुर ग्रंट के ग्राम प्रधान के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोलते हुए अविश्वास प्रस्ताव डीएम के समक्ष पेश किया है। डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ चंद्रिका प्रसाद ने अविश्वास प्रस्ताव पर ग्रामीणों के हस्ताक्षरों का सत्यापन कराने के लिए दो एडीओ पंचायत के नेतृत्व में टीम गठित कर दी, जिसने सोमवार को गांव जाकर हस्ताक्षरों का सत्यापन किया है। कुल मतदाता के आधे से अधिक ग्रामीणों के हस्ताक्षर सही पाए जाने पर अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराने के लिए तिथि निर्धारित की जाएगी।
ग्राम पंचायत सलाहपुर ग्रंट में एक हजार से अधिक मतदाता हैं, जिसमें से 760 ग्रामीणों (मतदाताओं) ने प्रधान रामप्रसाद के खिलाफ गांव में विकास कार्य न कराने का आरोप लगाते हुए कुछ दिन पहले अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया था। डीएम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश डीपीआरओ को दिए। जिस पर डीपीआरओ ने अविश्वास प्रस्ताव पर ग्रामीणों के हस्ताक्षर का सत्यापन कराने के लिए फूलबेहड़ के एडीओ पंचायत रामाधार और कुंभी के एडीओ पंचायत शिवमोहन अवस्थी के नेतृत्व में टीम गठित की है। सोमवार को टीम ने सलाहपुर ग्रंट जाकर ग्रामीणों के हस्ताक्षरों का सत्यापन किया है। जांच टीम के सूत्र बताते हैं कि सत्यापन में करीब 20 नामों को छोड़कर 700 से अधिक हस्ताक्षर सही पाए गए हैं। लिहाजा ग्राम प्रधान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराने की पूरी संभावना बन गई है।
बाक्स=
अविश्वास प्रस्ताव का यह है नियम
ग्राम प्रधान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए कुल मतदाता की संख्या से आधे से अधिक मतदाताओं का अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष होना जरूरी है। सलाहपुर में करीब एक हजार से अधिक मतदाता हैं, जिस हिसाब से अविश्वास प्रस्ताव पर 500 से अधिक हस्ताक्षर होने चाहिए। डीएम के समक्ष प्रस्तुत अविश्वास प्रस्ताव पर आधे से कहीं अधिक 760 ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
बाक्स=वर्जन.......
अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में किए ग्रामीणों के हस्ताक्षरों की जांच के लिए टीम गठित की गई है, जिसने सोमवार को गांव जाकर सत्यापन किया है। अब जांच आख्या प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चंद्रिका प्रसाद, डीपीआरओ