अमीरनगर। क्षेत्र के राजगढ़ गांव के शाह बिरादरी पुरवा में बृहस्पतिवार रात अचानक नईम अहमद के घर में आग लग गई। लोग जब तक आग पर काबू पाते तब तक घर में रखे 49 हजार रुपये समेत सारा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की चपेट में आकर एक पड़िया भी झुलस गई।
गृहस्वामी नईम अहमद ने बताया कि वह परिवार समेत घर में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे उनके घर में अचानक आग लग गई। आंच लगने पर आंख खुली तो देखा कि घर जल रहा था। किसी तरह से शोर शराबा मचाया और बच्चों समेत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। उधर आग लगने से गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि हफ्ते भर पहले अमीरनगर की इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक से आवास की दूसरी किस्त का 49 हजार रुपये निकाल कर लाए थे। मिस्त्री नहीं मिलने से आवास नहीं बन रहा था। पत्नी समा परवीन ने रुपये तकिये में सिलकर रख दिए थे। इस अग्निकांड में नकदी और सारा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। नईम अहमद ने रंजिश से इंकार किया है। उन्होंने ढिबरी के गिरने से आग लगने की आशंका जताई है।
दुकान में शॉर्ट शर्किट से भड़की आग में लाखों का नुकसान
मैगलगंज खीरी। कस्बे में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में शॅार्ट शर्किट से बृहस्पतिवार को आग लग गई। इससे दुकान में रखा सारा सामान जल कर नष्ट हो गया।
कस्बे में लखीमपुर रोड पर नूर मोहम्मद का घर है। अगले हिस्से में रियाजुद्दीन की इलेक्ट्रॉनिक की दुकान हैं। रियाजुद्दीन ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम वह दुकान बंद कर घर चला गया। शाम करीब नौ बजे शॅार्ट शर्किट से दुकान में आग लग गई। धुआं निकलते जब कुछ लोगों ने देखा तो घटना की जानकारी हुई। रियाजुद्दीन और गृह स्वामी नूर मोहम्मद जब तक कुछ समझ पाते तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। आग दुकान से लेकर घर तक फैल गई। शटर तोड़कर लोगों ने आग पर काबू पाया। आग से इलेक्ट्रॉनिक और नूर मोहम्मद की दुकानों में रखा सामान जल गया। आग दुकान के भीतरी हिस्से से बढ़ते हुए कमरों तक पहुंच गई। जहां नूर मोहम्मद का सामान व अनाज रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया। सूचना पर इंस्पेक्टर घनश्याम राम मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया।