गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी)। जिला अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। जिले पर जहां डॉक्टरों को कमी के चलते लोगों इलाज मिलना मुश्किल है। वहीं पीएचसी पर डॉक्टरों के ना जाने से ग्रामीणों को इलाज नहीं मिल पा रहा है। डॉक्टरों के पीएचसी पर न जाने का खुलासा शनिवार को एसीएमओ के निरीक्षण में हुआ। उन्होंने डॉक्टर के ना मिलने की रिपोर्ट सीएमओ को भेजी है।
एसीएमओ रवींद्र नाथ वर्मा शनिवार की सुबह करीब 10.30 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोशननगर पहुंचे। वहां पर उन्हें वार्ड ब्वाय के सिवा और कोई नहीं मिला। इस पर जब उन्होंने वार्ड ब्वाय भूपसिंह से जानकारी की तो उसने डॉक्टर की तैनाती होने की जानकारी से ही इंकार कर दिया। भूप सिंह ने एसीएमओ को बताया कि एक साल से कोई भी डॉक्टर पीएचसी पर नहीं आया। उसने बताया कि सफाई कर्मी भी यहां पर नहीं रहता है, जिससे गंदगी बनी रहती है। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की खिड़की और उनके शीशे एवं पानी की टंकी सहित अस्पताल पहुंचने का रास्ता भी जर्जर मिला।
.............
वर्जन
पीएचसी पर डॉं. पीसी जोशी की तैनाती है। उनके यहां ना आने की जानकारी हुई है। वहीं अस्पताल भी जीर्णशीर्ण हो चुका है। अस्पताल की मरम्मत और डॉक्टर पर कार्रवाई के लिए सीएमओ को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
डॉ.रवींद्रनाथ वर्मा, एसीएमओ