झूठे मुकदमे में जेल जाने से मुझे बचा लीजिए साहब!
लखीमपुर खीरी। साहब मुझे बचा लीजिए? मेरे पति ने बंटवारे के विवाद में जहर खाया। उनकी मौत हो गई। ससुराल वाले किराए के मकान से उसका जेवर और सामान भी लूट ले गए। उल्टे उस पर और मायके वालों पर ही थाना हैदराबाद में लूट और हत्या जैसा गंभीर झूठा मामला दर्ज करा दिया। पुलिस अब उसे जेल भेजने की फिराक में हैं। मैं अगर जेल चली गई तो मेरी तीन बेटियों की जिंदगी तबाह हो जाएगी। मैं गर्भवती भी हूं। डीएम ने पीड़ित महिला को सही कार्रवाई होने के लिए आश्वस्त किया है।
थाना गांव घरथनियां निवासी मीना देवी बृहस्पतिवार को डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह से मिलीं। उन्होंने डीएम को बताया कि वह अपने पति राजेश कुमार और बच्चों के साथ लखीमपुर शहर में देवकली रोड पर किराए के मकान में रहती थी। पति का अपने पिता और भाइयों से बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। गर्भवती होने और बीमार रहने के कारण पति ने उसे मायके भेज दिया था। अपने पिता और भाइयों से हो रहे विवाद के कारण पति ने चार सितंबर को लखीमपुर शहर में ही किराए के मकान में जहर खा लिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। उसके तीन पुत्रियां अस्मिता (8), अन्वेशिका (6) और अर्तिका (4) हैं। 30 सितंबर को उसके ससुर रामासरे ने थाना हैदराबाद में उसके (मीना देवी), उसके भाई अमित, आशीष आदि के खिलाफ हत्या, लूट आदि धाराओं में झूठा मुकदमा पंजीकृत कराया है। आरोप लगाया है कि पति उसे विदा कराने आए थे। बहू को विदा भी नहीं किया और मारा पीटा। जहर खिलाकर हत्या कर दी है। पीड़ित महिला ने डीएम से न्याय की गुहार लगाई है। डीएम ने उसे आश्वस्त किया है कि मामले की जांच की जाएगी। निर्दोष को जेल नहीं भेजा जाएगा।